बालको में आयोजित फैमिली ड्राइव में कर्मचारियों के परिजनों ने देखा अत्याधुनिक एल्यूमिनियम उत्पादन, अनुभव को बताया गर्व का क्षण




— विश्वस्तरीय संयंत्र में सुरक्षा, ऊर्जा और उत्पादन प्रक्रिया से परिचित हुए प्रतिभागी
बालकोनगर, 12 जून 2025।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ वेदांता समूह की अग्रणी कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए एक अनूठे और सराहनीय प्रयास के तहत चार दिवसीय ‘फैमिली ड्राइव’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों के परिवारों को एल्यूमिनियम उत्पादन की विश्वस्तरीय प्रक्रिया से परिचित कराना था, ताकि उनके मन में न केवल संगठन के प्रति आत्मीयता और गर्व की भावना जागृत हो, बल्कि यह भी महसूस हो कि वे एक गौरवशाली औद्योगिक विरासत से जुड़े हुए हैं।
इस कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों के परिजन संयंत्र के विभिन्न महत्वपूर्ण हिस्सों का भ्रमण करने पहुँचे। सबसे पहले सेंट्रलाइज्ड सिक्योरिटी ऑपरेशन्स सेंटर (CSOC) में उन्हें सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई, जहां बालको की अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणालियों और सावधानियों को प्रत्यक्ष रूप में समझाया गया।

इसके बाद प्रतिभागियों ने पॉटलाइन का दौरा किया, जहां एल्युमिना पाउडर को पिघलाकर शुद्ध एल्यूमिनियम में बदला जाता है। इस दौरान उन्हें यह भी बताया गया कि कैसे कार्बन एनोड्स का निर्माण इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
भ्रमण का अगला पड़ाव रहा 1200 मेगावाट का पावर प्लांट, जो संयंत्र को निरंतर ऊर्जा प्रदान करता है। वहीं यात्रा का समापन कास्ट हाउस में हुआ, जहां पिघले एल्यूमिनियम को इनगॉट्स, वायर रॉड्स, रोल्ड प्रोडक्ट्स और प्राइमरी फाउंड्री अलॉय जैसे औद्योगिक उत्पादों में ढाला जाता है, जिनका उपयोग वैश्विक स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में किया जाता है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने इस अवसर पर कहा, “हमारी असली शक्ति केवल हमारे कर्मचारियों में नहीं, बल्कि उनके परिवारों के अटूट सहयोग में भी निहित है। बालको परिवार एक ऐसा भावनात्मक आधार है जो उत्कृष्टता की दिशा में हमारी प्रेरणा बनता है। हमारी संस्कृति कार्य-जीवन संतुलन, कल्याण और एक साझा उद्देश्य को बढ़ावा देती है।”
भ्रमण में शामिल श्रीमती लक्ष्मी देवी छीपा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “हमने अपने बच्चों और परिजनों से बालको के बारे में बहुत कुछ सुना था, लेकिन प्रत्यक्ष देखना गर्व का अनुभव है। संयंत्र की अनुशासित कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत प्रभावशाली रही। यह अनुभव हमारे लिए अविस्मरणीय रहेगा।”

‘ट्रांसफॉर्म फॉर गुड’ के विजन पर कार्य कर रहा बालको एक समावेशी कार्यस्थल के निर्माण में जुटा है, जहाँ होली से लेकर ईद तक सभी पर्व पूरे बालको परिवार द्वारा मिल-जुलकर मनाए जाते हैं। वेदांता के प्रभावी मानव संसाधन प्रयासों के लिए कंपनी को ‘हैप्पीनेस एंड वेलबीइंग अवार्ड 2025’ और ‘ग्रेट प्लेस टू वर्क 2025’ जैसे प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं।
कंपनी की ‘स्पाउस हायरिंग पॉलिसी’ और सम्पूर्ण चिकित्सा कवरेज जैसी नीतियाँ कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य की दृष्टि से सशक्त करती हैं। बालको टाउनशिप में बच्चों के लिए समर और विंटर कैंप्स, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता, हरियाली और सामाजिक समरसता के साथ एक समृद्ध जीवनशैली उपलब्ध है।
इस प्रकार फैमिली ड्राइव कार्यक्रम न केवल एक शैक्षिक और भावनात्मक यात्रा बना, बल्कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच संगठनात्मक जुड़ाव को और सशक्त करने वाला अवसर भी सिद्ध हुआ।


