“राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश, लक्ष्य में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई – कलेक्टर”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा, 2 जून 2025/ कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित राजस्व प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए, बल्कि संबंधित पक्षों को सुनकर त्वरित निर्णय लेकर आदेश पारित किए जाएं।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अनुविभागों की तहसीलों का नियमित निरीक्षण करें और राजस्व प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा करें। इसके लिए एक सुव्यवस्थित शेड्यूल तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में नक्शा और बटांकन कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने माह अंत तक 80 प्रतिशत कार्य प्रगति का लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही स्पष्ट किया कि लक्ष्यों की पूर्ति में असफल रहने वाले अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कोटवारी भूमि मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सिंगल ट्रांजेक्शन वाले प्रकरणों को आगामी 15 दिनों में और बहु-ट्रांजेक्शन प्रकरणों को 31 जुलाई तक शासन के रिकॉर्ड में दर्ज किया जाए।
नामांतरण एवं अविवादित बंटवारे के मामलों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि तहसीलवार समीक्षा कर प्रगति सुनिश्चित की जाए। 5 वर्ष से अधिक और 1 से 3 वर्ष तक लंबित प्रकरणों की नियमित साप्ताहिक समीक्षा भी करने को कहा गया।
कलेक्टर श्री वसंत ने सीमांकन, खाता विभाजन, त्रुटि सुधार, डिजिटल सिग्नेचर, किसान किताब, आधार सीडिंग, स्वामित्व योजना, वन अधिकार पट्टा वितरण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी अधिकारियों से फीडबैक लेते हुए निर्देश दिए। मसाहती ग्रामों के प्रकाशन की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने शेष गांवों का भी जल्द प्रकाशन कराने को कहा।
हिट एंड रन एवं आरबीसी 6(4) के प्रकरणों में त्वरित पटवारी प्रतिवेदन व अंतिम जांच रिपोर्ट प्राप्त कर प्रभावितों को लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी संबंधित जानकारियों को पोर्टल पर समय पर अपडेट करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
इस बैठक में अपर कलेक्टर श्री अनुपम तिवारी, श्री मनोज कुमार बंजारे, सभी एसडीएम, भू-अभिलेख प्रभारी अधिकारी, अधीक्षक भू-अभिलेख, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।



