March 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

जितना बड़ा जनादेश, जिम्मेदारियां उतनी ही बड़ी – मनोज शर्मा

 

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।****/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार के दूसरे बजट को प्रस्तुत करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेश के सभी वर्गों—किसान, महिला, युवा, छात्र, कर्मचारी, व्यापारी और पत्रकार—का समुचित ध्यान रखा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया था कि जब जनादेश बड़ा हो, तो जिम्मेदारियां भी बड़ी होती हैं, और इस बड़ी जिम्मेदारी को निभाने का पूर्ण प्रयास इस बजट में किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी कोरबा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा ने प्रदेश सरकार के बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश की आधारभूत संरचना के प्रति सरकार की संजीदगी को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि यह बजट युवा वर्ग के सपनों को साकार करने वाला है। रायपुर में NIFT जैसे विश्वस्तरीय संस्थान की स्थापना, कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज, 12 नर्सिंग कॉलेज, आठ फिजियोथैरेपी कॉलेज और तकनीकी विश्वविद्यालय का उन्नयन शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार नई सड़कों के लिए 2000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। सड़कों के रखरखाव के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। साथ ही सीएम रिंग रोड योजना की भी शुरुआत की जाएगी, जिससे प्रदेश के प्रमुख शहरों में यातायात और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।

मनोज शर्मा ने कहा कि प्रदेश के 14 नगर निगमों के विकास के लिए नई योजना लाई गई है। रायपुर-दुर्ग मेट्रो परियोजना की शुरुआत की जाएगी, जिससे शहरी परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। साथ ही, मुख्यमंत्री टॉवर योजना और एससीआर (स्टेट कैपिटल रीजन) के निर्माण की घोषणा से छत्तीसगढ़ को एक आधुनिक राज्य के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा को राजभाषा का दर्जा देने की घोषणा से प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़वासियों की अपेक्षाओं को साकार किया है। उन्होंने उद्योग विभाग के बजट को दोगुना किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि अब जिलों की जीडीपी की गणना की जाएगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा, खाद्य प्रसंस्करण फूड पार्क के लिए 17 करोड़ रुपये का प्रावधान भी एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे कृषि और उद्योगों को लाभ मिलेगा।

मनोज शर्मा ने इस बजट को ऐतिहासिक और दूरगामी प्रभाव डालने वाला बताते हुए कहा कि यह गाँव से लेकर शहर तक हर छत्तीसगढ़वासी को समृद्ध बनाने का माध्यम बनेगा। सरकार की योजनाओं से प्रदेश का हर वर्ग लाभान्वित होगा और विष्णु देव साय सरकार विकास की रफ्तार को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.