ईव्हीएम से रूबरू हुए पहली बार मतदान करने वाले छात्र, सफेद बटन से महापौर और गुलाबी से पार्षद चुनेंगे
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।****/ नगरीय निकाय चुनाव के मतदान में अब सिर्फ छह दिन शेष हैं। इसी के तहत मतदाताओं को ईव्हीएम से मतदान प्रक्रिया समझाने के लिए ईव्हीएम प्रदर्शनी दल सक्रिय है। बुधवार को कमला नेहरू महाविद्यालय में इस दल ने मतदान प्रक्रिया का डेमो दिया, जिससे पहली बार मतदान करने वाले छात्र-छात्राओं को वोटिंग प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी मिली।

इस बार के चुनाव में मतदाताओं को ईव्हीएम में दो अलग-अलग बटन दबाने होंगे—महापौर के लिए सफेद बैलेट यूनिट और वार्ड पार्षद के लिए गुलाबी बैलेट यूनिट। इस नई प्रक्रिया को लेकर मतदाताओं में कई सवाल थे, जिनका समाधान ईव्हीएम प्रदर्शनी दल ने किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने भी छात्रों को मतदान प्रक्रिया को समझने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। प्रदर्शनी दल के नेतृत्व में व्याख्याता गजेंद्र साहू, सहायक शिक्षक प्रदीप राठौर और शिक्षक बोधराम निषाद ने मिलकर छात्रों को प्रायोगिक रूप से मतदान प्रक्रिया सिखाई।
ईव्हीएम प्रदर्शनी आगामी कुछ दिनों तक महाविद्यालय परिसर में जारी रहेगी, जिससे इच्छुक मतदाता भी मतदान की विधि से परिचित हो सकें।








