सीवरेज लाइन निर्माण के लिए मिले 14 करोड़, गुणवत्ता और पारदर्शिता के लिए निगम में भाजपा जरूरी: संजू देवी राजपूत



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।****/ भाजपा महापौर प्रत्याशी श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सोमवार को महाराणा प्रताप नगर और शिवाजी नगर वार्डों में जनसंपर्क अभियान चलाया और मतदाताओं से आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा करते हुए नगर निगम में भाजपा सरकार की जरूरत को रेखांकित किया।

श्रीमती राजपूत ने कहा कि सीवरेज लाइन इन कॉलोनियों की सबसे बड़ी समस्या रही है, लेकिन कांग्रेस की 10 साल की नगर सरकार, 15 साल के विधायक और सांसद होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। डबल इंजन की भाजपा सरकार के चलते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से इस समस्या के समाधान के लिए 14 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई। दिसंबर में मुख्यमंत्री द्वारा इस कार्य का भूमिपूजन भी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि सिर्फ दो वार्डों में सीवरेज लाइन निर्माण के लिए 14 करोड़ की स्वीकृति एक साल के भीतर मिलना यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार विकास कार्यों के लिए कितनी तत्पर है। अगर नगर निगम में भाजपा की सरकार बनती है, तो विकास कार्यों की गति और तेज होगी और गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह कांग्रेस सरकार में करोड़ों की सड़क निर्माण परियोजनाओं में घोटाला हुआ, वैसे ही सीवरेज लाइन के निर्माण में भी भ्रष्टाचार की आशंका बनी रहती है। इसलिए यह आवश्यक है कि कोरबा नगर निगम में भाजपा की सरकार बने ताकि सभी कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जा सकें।



