February 6, 2025

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

थोड़ी देर में IPL मिनी ऑक्शन:छत्तीसगढ़ क्रिकेट के 5 खिलाड़ी भी नीलामी सूची में, अनकैप्ड खिलाड़ियों में शशांक और शुभम से उम्मीद

1 min read

2017 के बाद से IPL की फ्रेंचाइजी छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों में नहीं दिखा रही हैं दिलचस्पी

छत्तीसगढ़ क्रिकेट को इस बार बदलाव की उम्मीद, ऑक्शन में बिके तो खुलेगी नई राह

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन का मिनी ऑक्शन आज दोपहर बाद 3 बजे से शुरू हो जाएगा। इस ऑक्शन में छत्तीसगढ़ के भी पांच खिलाडियों काे भी लिस्ट किया गया है। इनमें छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम के कप्तान हरप्रीत सिंह भाटिया, अमनदीप खरे, शशांक सिंह, शुभम अग्रवाल और शुभम सिंह शामिल हैं। सभी खिलाड़ियाें का बेस प्राइज 20 लाख रुपए रखा गया है। बताया जा रहा है कि इस नीलामी में दो खिलाड़ी शशांक सिंह और शुभम अग्रवाल की संभावना अधिक है।

छत्तीसगढ़ से रजिस्टर हुए पांच खिलाड़ियों में से तीन पहले भी IPL की किसी न किसी टीम का हिस्सा रह चुके हैं। रायपुर के शशांक सिंह को राजस्थान रायल्स ने इस साल रिलीज कर दिया है। उनको करीब दो साल पहले टीम का हिस्सा बनाया गया था। मध्यप्रदेश की ओर से खेलते हुए हरप्रीत सिंह भाटिया को कोलकाता नाइट राइडर्स, पुणे वरियर्स और RCB ने खरीदा था। 2017 के बाद किसी टीम ने भाटिया में रुचि नहीं दिखाई। शुभम अग्रवाल को 2017 में गुजरात लायंस ने खरीदा था। इसके बाद से नीलामी नहीं हो पाई।

बताया जा रहा है कि इस बार शुभम अग्रवाल और शशांक सिंह के बिकने की संभावना अधिक है। दोनों IPL टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। शशांक सिंह को हाल ही में राजस्थान रॉयल्स ने रिलीज किया है। वहीं शुभम अग्रवाल को मुश्ताक अली ट्राफी के दौरान ही मुंबई इंडियन की फ्रेंचाइजी ने ट्रायल के मुंबई बुलाया था। वह टीम शुभम को अपनी जरूरतों के मुताबिक परख चुकी है। हालांकि अपने आखिरी टी-20 मैच में दोनों खिलाड़ी कुछ बड़ा नहीं कर पाए थे।

ऐसा रहा था पिछला प्रदर्शन

सैयद मुश्ताक अली ट्राफी के लिए 18 जनवरी 2021 को वड़ोदरा में हुए मैच में उत्तराखंड के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए दोनों खिलाड़ी रन आउट हुए। शशांक सिंह ने 25 बॉल पर 19 रन बनाए थे। इसमें एक चौका शामिल था। वहीं बॉलिंग करते हुए एक ओवर में 12 रन गवाएं। उस मैच में शशांक कोई विकेट नहीं ले पाए। शुभम अग्रवाल ने बल्ले से 2 गेंदों पर 2 रन बनाए थे। बॉलिंग में 4 ओवर में 25 रन देकर एक विकेट झटका था।

पिछले टूर्नामेंट में पूरी टीम का प्रदर्शन रहा खराब

सैयद मुश्ताक अली T- 20 ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का प्रदर्शन खराब रहा। लीग के 5 मुकाबले में से महज एक मुकाबले में जीत दर्ज कर पाई थी, जबकि शुरुआती चार मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। टीम 4 पॉइंट के साथ अपने ग्रुप के पांचवें नंबर पर रही। अमनदीप खरे सिर्फ एक मैच में अर्धशतक लगा पाये थे। 2019-20 सीजन में छत्तीसगढ़ सेमीफाइनल खेला था। उसमें कर्नाटक से हार झेलनी पड़ी थी।

ऑक्शन में अधिकतर बल्लेबाज

IPL के ऑक्शन में छत्तीसगढ़ क्रिकेट के जिन पांच सितारों को रजिस्टर किया गया है, उनमें से अधिकतर बल्लेबाज हैं। हरप्रीत सिंह भाटिया बायें हाथ के बल्लेबाज है। वहीं अमनदीप खरे और शशांक सिंह भी बल्लेबाज हैंं। उनका स्ट्राइक रेट अच्छा है। शुभम अग्रवाल ऑलराउंडर हैं। गेंदबाजी उनकी ताकत है। वहीं शुभम सिंह लेगब्रेक गुगली के एक्सपर्ट हैं।

ऐसा है ऑक्शन का गणित

अप्रैल 2021 में शुरू होने वाले IPL के लिए हो रही नीलामी में 1097 खिलाड़ियों को लिस्ट किया गया है। इसमें 814 भारतीय और 283 विदेशी खिलाड़ी हैं। बताया जा रहा है, ऑक्शन के लिए 292 खिलाड़ियों के नामों को शार्टलिस्ट किया गया है। IPL की सभी आठ फ्रेंचाइजीज के पास केवल 61 खिलाड़ियों का स्लॉट ही खाली है। उम्मीद जताई जा रही है कि आज की नीलामी में 45 से 50 खिलाड़ी ही बिक पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.