February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

*भाजपा के लोग चुनकर आयेंगे तो जनता का पैसा बर्बाद होने से बचाएंगे:शिव प्रकाश*

*आज का युवा गांव जाकर भी गांव की तकदीर बदल रहा है ऐसे रचनात्मक लोगों को अवसर देने की जरूरत:शिव प्रकाश*

त्रिनेत्र टाइम्स  *रायपुर।***/ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने कहा है कि पंचायत और नगरीय निकाय के चुनाव में भाजपा या हमारी विचारधारा के समर्थक साथी आएंगे तो जनता का पैसा बर्बाद नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि अच्छे पढ़े-लिखे लोग गाँव में जाकर काम कर रहे है और वहां की तकदीर बदल रहे हैं। श्री शिवप्रकाश रविवार को यहाँ कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में पंचायत व निकाय चुनावों को लेकर आहूत भाजपा की दूसरे दिन की सम्भागवार बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का विस्तार से मार्गदर्शन कर रहे थे।

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि हमारे आने वाले कार्यक्रम भी रचनात्मक और युवाओं पर केंद्रित हों। ऐसा होता है तो हम गाँवों को भी क्रिएटिव सोच के लोग दे सकेंगे। ऐसा करने पर जनता भी मानेगी कि आप नई पीढ़ी को एड्रेस कर रहे हैं। श्री शिवप्रकाश ने कहा कि आने वाले नई पीढ़ी टेक्नोलॉजी को समझती है और आने वाला समय टेक्नोलॉजी का है। हमें ऐसे युवाओं को भी मुख्यधारा में लाना होगा।

*छत्तीसगढ़ को नक्सल क्षेत्र में मिली सफलता की चर्चा पूरे देश में : मुख्यमंत्री साय*

*घोटालेबाजों के जेल में जाने का सिलसिला शुरू है:विष्णु देव साय*

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बैठक को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव की जीत की सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कांग्रेस जितने वोट नहीं हासिल कर सकी उससे ज्यादा वोटों से हमने जीत हासिल की। यह उपलब्धि ऐतिहासिक है। सदस्यता अभियान की सफलता पर भी मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि हमारी सरकार के कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने जा रहा है। हम सब फिर से जनता जनार्दन को धन्यवाद देंगे कि उन्होंने मोदी की गारंटी पर विश्वास किया।हम जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड भी रखेंगे कि कैसे हमने केवल एक वर्ष में ही कई कार्यों को सफलता से जनता के सहयोग से किया है। नक्सलवाद पर मिली सफलता की चर्चा पूरे देश में है। हम छत्तीसगढ़ को जल्दी इससे मुक्त कराने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद हमने पहला काम लोगों को आवास देने का किया, जो हमारा वादा था। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार छत्तीसगढ़ के विकास के लिए दिन-रात काम कर रही है। 8 लाख प्रधानमंत्री आवास के साथ नक्सल प्रभावित पीड़ित परिवारों के लिए 15 हजार आवास राज्य सरकार ने विशेष आग्रह पर केंद्र से स्वीकृत कराए हैं। बस्तर ओलंपिक में बस्तर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। 150 से ज्यादा ऐसी जगहों पर टॉवर लग रहे हैं, जहां कोई काम करने से डरता था। किसानों, युवा, महिलाओं के लिए अनेक कार्य करने के साथ अब हम बुजुर्गों के लिए नई योजनाओं पर कार्य कर रहे हैं। घोटालेबाजों के जेल में जाने का सिलसिला शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नगरीय निकायों को 2 हजार करोड़ की बड़ी राशि दी गई है। पंचायतों में भी विकास का काम चल रहा है। नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव कार्यकर्ताओं को स्थापित करने का चुनाव है। हम पूरी ताकत से और गंभीरता से इस पर कार्य करेंगे।

*ये चुनाव कार्यकर्ताओं को नेतृत्व देने वाले चुनाव हैं : नवीन*

भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि हम सब इस बात को सदैव याद करते हैं जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि जब तक पंचायत से पार्लियामेंट तक हमारी सरकार नहीं बनेगी, तब तक संतुष्ट नहीं होंगे। ये चुनाव कार्यकर्ताओं को नेतृत्व देने वाले चुनाव हैं, लीडरशिप बनाने का चुनाव है। हम सब यह तय करें कि हमारी इन चुनावों में भूमिका क्या होगी? हिमाचल हो या कर्नाटक, कांग्रेस की सरकारों का हाल देखें जो अपने किए वादे पूरे नहीं कर पाई है। लेकिन, छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने जो काम किया है वह ऐतिहासिक है। अपने कई वादे केवल कुछ महीनों के भीतर ही पूरे कर दिए। चुनावी रणनीति व आगामी कार्यक्रमों पर भी श्री नवीन ने विस्तार से मार्गदर्शन दिया।

*जनता चाहती है कि पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा के प्रतिनिधि नेतृत्व करें : किरण देव*

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बैठक में पहले रायपुर दक्षिण के उपचुनाव में मिली प्रचंड जीत और महाराष्ट्र चुनाव में छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ताओं की सफल भूमिका हेतु भी बधाई दी। श्री देव ने कहा जनता भी अब चाहती है कि पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा के प्रतिनिधि नेतृत्व करें। विधासनभा और लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद अब नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत में अब हमें बड़ी जीत अर्जित करनी है।

*शहर से लेकर गाँव तक विकास के काम हो रहे : साव*

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बैठक में कहा कि लोगों में शहरों को भाजपा का गढ़ माने जाने आम धारणा है, लेकिन हमारी सरकार बनते ही हमने गाँव-गाँव तक राशि पहुँचाई है। शहर से लेकर गाँव तक केवल विकास के काम हो रहे हैं। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। नगरीय निकायों, नगर पालिका, नगर पंचायत, सभी के कार्यों की गति बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के साथ आम जनता के रूप में हम भी देखें कि काम कैसे बेहतर हुआ है। हमारे कार्यकर्ता अधिकारियों के साथ दौरा करें। श्री साव ने कहा कि शहरों में आवास के सभी पात्र हितग्राहियों को आवास मिलेगा चाहे इसकी संख्या कितनी भी हो। नगरीय निकायों में अधिकतर जगह कांग्रेस के लोग रहे हैं। उनकी असफलता से लोग परेशान रहे हैं। उनकी असफलता को जन-जन तक ले जाएंगे। सारे चुनावों में हम प्रचंड जीत हासिल करेंगे।

*सुशासन को लेकर बड़े निर्णय लेकर कार्ययोजना बनाई गई : शर्मा*

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जो विजन है, वन नेशन वन इलेक्शन, उसे ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री श्री साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव एक साथ होंगे। यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। जिलों में चुनाव एक फेस में हो, नतीजे एक साथ आएँ, इसका प्रयास होगा। श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सुशासन को लेकर बड़े-बड़े निर्णय हुए। उसको लेकर कार्ययोजना बनाई गई है। इन फैसलों को पंचायत स्तर तक लेकर जाएंगे।

*हमारे प्रत्याशी सक्रिय सदस्य हों, इसे सुनिश्चित करें : साय*

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने बैठक में मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आने वाले चुनाव के हमारे प्रत्याशी सक्रिय सदस्य हों, इसे सुनिश्चित करना है। हमारे बूथ के चुनाव, मंडल के चुनाव, जिलों के चुनाव की प्रकिया समय पर पूरी हो तो हम पंचायत चुनाव और निकाय चुनाव में बेहतर सहभागिता दे सकेंगे।

*हमने हर बार खुद को साबित किया है : सवन्नी*

नगरीय निकाय चुनाव में प्रभारी के दायित्व को देख रहे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि हमारे पास एक मजबूत आधार है। हमने बार-बार खुद को साबित किया, अपने कार्यों को जनता तक ले जाकर आशीर्वाद मांगेंगे। श्री सवन्नी ने मतदाता सूची के विषयों पर चर्चा करते हुए सभी के सुझाव भी मांगे।

*पूरी एकजुटता से लड़ेंगे चुनाव : सौरभ*

पंचायत चुनाव के प्रभारी पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने कहा यह चुनाव हम पूरी एकजुटता से लड़ेंगे। चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने विस्तार से चर्चा की। तत्पश्चात बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने बारी-बारी अपने विचार भी रखे।

उल्लेखनीय है कि नगरीय निकाय व त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के दृष्टिगत भाजपा की संभाग स्तर की बैठकों के पहले दिन शनिवार को बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर संभाग की बैठक सम्पन्न हुई। रविवार को दूसरे दिन रायपुर और दुर्ग संभाग की बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक गजेंद्र पटेल , पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक राजेश मूणत, मोती साहू,सुनील सोनी व सम्पत अग्रवाल, गजेंद्र यादव ,अनुज शर्मा ,ललित चंद्राकर,सुशांत शुक्ला भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया, महामंत्री संजय श्रीवास्तव व जगदीश (रामू) रोहरा, राम जी भारती , भरत वर्मा प्रदेश कार्यालय प्रभारी नरेश गुप्ता, अंजय शुक्ला सहित प्रदेश कोर ग्रुप, भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारी व कार्य समिति सदस्य, मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, सांसद (लोकसभा व राज्यसभा), विधायकगण, प्रदेश भाजपा पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, सह प्रभारी, जिला अध्यक्ष भाजपा, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, प्रकोष्ठों के संयोजक, नगर निगम महापौर, नेता प्रतिपक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष उपस्थित रहे।

*संभाग प्रभारियों और महामंत्रियों की बैठक भी ली*

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश ने बाद में संभाग प्रभारियों और प्रदेश महामंत्रियों की बैठक लेकर दलीय गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी नगरीय निकाय व त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दृष्टिगत मार्गदर्शन किया। श्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार के लगभग एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियों के चलते जनता-जनार्दन का भाजपा के प्रति विश्वास दृढ़तर हुआ है। हमारी केंद्र व प्रदेश की सरकारों ने शहर, नगर और गाँवों को जिस तेज रफ्तार से विकास की मुख्य धारा से जोड़ा है, उससे हमारी यह प्रामाणिकता और पुष्ट हुई है कि भाजपा जो कहती है, करके दिखाती है। श्री शिवप्रकाश ने कहा कि आगामी दोनों चुनावों में हम पूरे आत्मविश्वास के साथ जनता के बीच अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता-जनार्दन तक पहुँचें और पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का परचम लहराने के इस अवसर को अपना लक्ष्य बनाएँ। इस बैठक में सभी प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, जगदीश (रामू) रोहरा, रामजी भारती व भरतलाल वर्मा और सभी संभाग प्रभारी सौरभ सिंह (रायपुर), रजनीश सिंह (बस्तर), भूपेन्द्र सिंह सवन्नी (दुर्ग), अनुराग सिंहदेव (बिलासपुर) और राजा पांडेय (सरगुजा) मौजूद रहे।
——————-

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.