February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के


* कलेक्टर ने क्लासरूम में विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ने और आगे बढ़ने किया प्रेरित
* अच्छे नंबरो से पास होने पर कॅरियर निर्माण में सहयोग की कही बात
* कलेक्टर ने किया पाली ब्लॉक में प्राइमरी, मिडिल और हायरसेकंडरी स्कूल का निरीक्षण
त्रिनेत्र टाइम्स  कोरबा ***/जिला कलेक्टर अजीत वसंत ने पाली ब्लॉक में पोड़ी और निरधि ग्राम पंचायत में प्राइमरी, मिडिल सहित हायर सेकंडरी स्कूल जाकर विद्यार्थियों से सवांद किया। उन्होंने क्लास रूम में पहुँचकर विद्यार्थियों की रुचि जानी और पढ़ाई के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की अपनी अलग प्रतिभा और रुचि होती है। आप अपने रुचि के अनुरूप कैरियर के निर्माण कर सकते है। शासन-प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों के कैरियर निर्माण के लिए सहयोग किया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित करते हुए अच्छे नंबरो से परीक्षा पास करने पर मेडिकल, इंजीनियरिंग की तैयारी के लिए प्रशिक्षण सहित संपूर्ण खर्च उठाने सहित राज्य से बाहर के विश्वविद्यालय में दाखिला मिलने पर जिला प्रशासन द्वारा सहयोग करने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि बीते सत्र में 10वीं परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशिक्षण एवं पढ़ाई हेतु जिले से बाहर भेजा गया है। इस सत्र से 12वीं पास 100 विद्यार्थियों को भी मेडिकल, इंजीनियरिंग की परीक्षाओं की तैयारी के लिये डीएमएफ से वित्तीय मदद दी जायेगी।
ग्राम पोड़ी के स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट विद्यालय में कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य से विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा 12वीं बायोलॉजी के विद्यार्थियों से संवाद किया और प्रदेश स्तर पर अच्छे अंक लाने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि वित्तीय अभाव में किसी की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को बड़े विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए लिए जाने वाले टेस्ट परीक्षा आदि की भी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जनरल नॉलेज की तैयारी कराने, डिजिटल उपकरणों का अध्यापन में उपयोग करने के निर्देश प्राचार्य को दिए।
ग्राम निरधि में बेलपारा के प्राथमिक शाला के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विशिष्ट व्यक्तियों के संबंध में सवाल किए। उन्होंने विद्यालय में नाश्ते और मध्यान्ह भोजन की जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रार्थना के समय जिले और राज्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी को याद कराने के निर्देश प्रधानपाठिका को दिए। उन्होंने मिड डे मिल की गुणवत्ता की नियमित जाँच करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन प्रदान करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने यहाँ मिडिल स्कूल में कक्षा छठवीं के विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि विषयों को पढ़ाई के साथ उसे समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी से डरना नहीं है, इस विषय को रटने के बजाय सीखने पर जोर देने कहा। उन्होंने विद्यालय से संबंधित समस्याओं को चिन्हित कर अवगत कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सुश्री सीमा पात्रे, बीईओ श्यामा नंद साहू उपस्थित थे।
* अब धुँए से मिल गई है मुक्ति
प्राथमिक शाला बेलपारा निरधि में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यहाँ नाश्ता और मध्यान्ह भोजन बनाने वाली जागृति स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की। इस दौरान समूह की महिलाओं ने बताया कि उन्हें गैस चूल्हा मिल गया है। इससे जल्दी खाना बनने के साथ ही किचन में लकड़ी के धुँए से भी मुक्ति मिल गई है। कलेक्टर ने कहा कि गैस का उपयोग सावधानी से करें और लकड़ी का उपयोग चूल्हा में न करें।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.