May 26, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

*रायपुर।* प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव समेत विभिन्न राज्यों में हुए उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद रविवार को अपने लोकप्रिय मासिक प्रसारण ‘मन की बात’ के जरिए लोगों से जुड़े और नेशनल कैडेट कॉर्प्स यानी एनीसीसी दिवस पर अपने स्कूल के दिनों को याद किया। श्री मोदी ने देश के युवाओं को एनीसी से जुड़ने की अपील भी की है। 12 जनवरी को विवेकानंद जयंती के मौके पर भारत मंडपम में युवा विचारों का महाकुंभ होने की जानकारी साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने इसे ‘विकसित भारत : यंग लीडर्स डॉयलॉग’ नाम दिया है। मोदी ने अपनी गुआना की विदेश यात्रा का भी जिक्र किया।

*मुंबई की दो बेटियों के योगदान को सराहा*

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि देश के कई हिस्सों में युवा बेकार समझी जाने वाली चीजों को लेकर,कचरे से कंचन बना रहे हैं। तरह-तरह के इनोवेशन कर रहे हैं। इससे वो पैसे कमा रहे हैं, रोजगार के साधन विकसित कर रहे हैं। ये युवा अपने प्रयासों से सस्टेनेबल लाइफस्टाइल को भी बढ़ावा दे रहे हैं। मुंबई की दो बेटियों अक्षरा और प्रकृति का यह प्रयास वाकई बहुत प्रेरक है जो कतरन से फैशन के सामान बना रही हैं।

*गौरैया के योगदान का जिक्र*

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बताया कि हमारे आसपास जैव विविधता को बनाए रखने में गौरैया का एक बहुत महत्वपूर्ण योगदान होता है, लेकिन आज शहरों में गौरैया को बड़ी मुश्किल से देखा जा सकता है। बढ़ते शहरीकरण के कारण गौरैया हमसे दूर चली गई है। आज की पीढ़ी के ऐसे बहुत से बच्चे हैं, जिन्होंने गौरैया को सिर्फ तस्वीरों या वीडियो में देखा है। ऐसे बच्चों के जीवन में इस प्यारी पक्षी की वापसी के लिए कुछ अनोखे प्रयास हो रहे हैं। चेन्नई के कूडुगल ट्रस्ट ने गौरैया की आबादी बढ़ाने के लिए स्कूल के बच्चों को अपने अभियान में शामिल किया है। संस्थान के लोग स्कूलों में जाकर बच्चों को बताते हैं कि गौरैया रोज़मर्रा के जीवन में कितनी महत्वपूर्ण है। यह संस्थान बच्चों को गौरैया का घोंसला बनाने की ट्रेनिंग देता है। इसके लिए संस्थान के लोगों ने बच्चों को लकड़ी का एक छोटा-सा घर बनाना सिखाया। इसमें गौरैया के रहने, खाने का इंतजाम किया

*गयाना में बसता है मिनी भारत*

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने हालिया गयाना दौरे का भी जिक्र कर कहा कि भारत से हजारों किलोमीटर दूर गयाना में भी एक ‘मिनी भारत’ बसता है। आज से लगभग 180 वर्ष पहले, गयाना में भारत के लोगों को खेतों में मजदूरी के लिए, दूसरे कामों के लिए ले जाया गया था। आज गयाना में भारतीय मूल के लोग राजनीति, व्यापार, शिक्षा और संस्कृति के हर क्षेत्र में गयाना का नेतृत्व कर रहे हैं। गयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली भी भारतीय मूल के हैं, जो अपनी भारतीय विरासत पर गर्व करते हैं। गयाना की तरह ही दुनिया के दर्जनों देशों में लाखों की संख्या में भारतीय हैं। उनके पूर्वजों की अपनी कहानियां हैं। क्या आप ऐसी कहानियों को खोज सकते हैं कि किस तरह भारतीय प्रवासियों ने अलग-अलग देशों में अपनी पहचान बनाई? कैसे उन्होंने वहाँ की आजादी की लड़ाई के अंदर हिस्सा लिया? कैसे उन्होंने अपनी भारतीय विरासत को जीवित रखा?

*चेन्नई में बच्चों के लिए खास लाइब्रेरी*

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बताया कि चेन्नई में बच्चों के लिए एक ऐसी लाइब्रेरी तैयार की गई है, जो क्रिएटिविटी और लर्निंग का हब बन चुकी है। बिहार में गोपालगंज के प्रयोग लाइब्रेरी की चर्चा तो आसपास के कई शहरों में होने लगी है। श्री मोदी ने बताया कि इस लाइब्रेरी का आइडिया टेक्नोलॉजी की दुनिया से जुड़े श्रीराम गोपालकृष्णन की देन है। विदेश में काम करते हुए वे लेटेस्ट टेक्नोलॉजी से जुड़े रहे। लेकिन, वे बच्चों में पढ़ने और सीखने की आदत विकसित करने के बारे में भी सोचते रहे। भारत लौटकर उन्होंने प्रकृति अरिवगम को बनाया। इसमें तीन हजार से अधिक किताबें हैं, जिन्हें पढ़ने के लिए बच्चों में होड़ लगी रहती है।

*विवेकानंद जयंती पर होगा युवा विचारों का महाकुंभ*

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आगामी 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जी की 162वीं जयंती पर देश में ‘युवा दिवस’ बहुत खास तरीके से मनाया जाएगा। इस अवसर पर 11-12 जनवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में युवा विचारों का महाकुंभ होने जा रहा है, और इस पहल का नाम है ‘विकसित भारत : यंग लीडर्स डॉयलॉग’। श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने लाल किले की प्राचीर से ऐसे युवाओं से राजनीति में आने का आहवान किया है,जिनके परिवार का कोई भी व्यक्ति और पूरे परिवार का राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं है। ऐसे एक लाख युवाओं को, नए युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई तरह के विशेष अभियान चलेंगे।

*छत्तीसगढ़ में भी सुनी गई ‘मन की बात’*

प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 116वीं कड़ी छत्तीसगढ़ में सभी जगह बूथ केंद्रों पर सुनी गई। विभिन्न स्थानों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद-विधायक और पार्टी पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर यह प्रसारण सुना। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री साय ने पुलिस परेड ग्राउंड रायपुर में श्रवण किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने अपने देवेंद्र नगर स्थित निवास में मन की बात कार्यक्रम को सुना। इस दौरान पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप मौजूद रहे। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने मन की बात का प्रसारण प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक मितुल कोठारी सहित पदाधिकारियों ने भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सुना।
———————-

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.