निगम कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने दीपावली से पूर्व सभी ठेकेदारों का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की




त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा नगर निगम कांट्रेक्टर एसोसिएशन ने दीपावली से पूर्व सभी ठेकेदारों का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन का कहना है कि उनकी फाइलों पर कार्यवाही की गति धीमी है, जिससे ठेकेदारों का भुगतान दीपावली से पहले नहीं होने की आशंका है। इस विलंब से उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, क्योंकि दीपावली एक ऐसा पर्व है जिसमें उन्हें दुकानदारों, मजदूरों और अधीनस्थ कर्मचारियों को समय पर भुगतान करना अनिवार्य है।

एसोसिएशन ने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने आदेश जारी किया है कि सभी सरकारी कर्मचारियों को दीपावली से दो दिन पूर्व वेतन का भुगतान किया जाए, लेकिन ठेकेदारों के लिए ऐसी व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने सवाल किया कि क्या उनके श्रमिक और परिवार इस व्यवस्था का हिस्सा नहीं हैं, और क्या ठेकेदारों को भुगतान की आवश्यकता नहीं है?
ठेकेदारों का कहना है कि आर्थिक चुनौतियों और जिम्मेदारियों को देखते हुए उनका भुगतान दीपावली से पूर्व किया जाना अत्यावश्यक है ताकि वे और उनके परिवार त्यौहार का आनंद ले सकें। उन्होंने इस मुद्दे पर निगम अधिकारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह भुगतान उनके और उनके अधीनस्थों के लिए आर्थिक राहत का काम करेगा।

