कोरबा दंतैल ने उत्पात मचा फसल को किया चौपट



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा वन मंडल कोरबा के ग्राम छातापाठ में एक दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने बाड़ी में लगाई गई सब्जी की फसल को चौपट कर दिया। हाथियों की गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगने से ग्रामीण परेशान है।
करतला फॉरेस्ट रेंज में दंतैल हाथी लगभग 7- 8 दिन से विचरण कर रहा है। वह किसी की बाड़ी, किसी के अनाज तो किसी की झोपड़ी को नुकसान पहुंचा रहा है। दंतैल ग्राम छातापाठ में पहुच गया। किसान दया राम पटेल ने बताया कि रात को 2 बजे के आस पास हाथी विचरण करते हुए उनकी बाड़ी में आया। बाड़ी में लगी केले, गन्ने और सब्जियों की फसल को बर्बाद कर दिया। किसान ने बताया कि हाथी पिछले एक सप्ताह से इस क्षेत्र में विचरण कर रहा है। जन दर्शन में भी शिकायत की गई है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है। आसपास के कई गांव के लोग इस हाथी से परेशान है। दयाराम ने यह भी बताया कि गांव में कई बार बिजली नहीं रहती, जिसके चलते ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अचानक अगर हाथी से सामना हो जाए तो उसका क्या होगा ?
इसकी शिकायत भी बिजली विभाग से भी की गई है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम प्रभावित गांवों में पहुंची और मौके का जायजा लेने के साथ इसकी फोटोग्राफी कराई। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का आंकलन करने के साथ प्रभावित पक्ष को सरकार के नियम के अंतर्गत मुआवजा का भुगतान किया जाएगा।

