July 25, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 


त्रिनेत्र टाइम्स  कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल में हाथी समस्या समाप्त होने का नाम ही नहीं ले रही है। यहां के ग्राम एतमानगर, केंदई व पसान वन परिक्षेत्र में बड़ी संख्या में हाथी जंगलों में घूम रहे हैं। इन्हीं में से एक दंतैल झुंड अलग होकर बरदापखना के रास्ते बनखेता क्षेत्र पहुंच गया। बनखेता क्षेत्र में दंतैल के प्रवेश करने की सूचना मिलते ही डिप्टी रेंजर ईश्वर दास मानिकपुरी के नेतृत्व में वन विभाग का अमला सक्रिय हो मौके पर पहुंचा और गांव में मुनादी कराने के साथ दंतैल को खदेड़ने कार्यवाही की।
जानकारी के अनुसार वन अमला द्वारा खदेड़े जाने पर दंतैल ग्राम तवरिहा व खोडरी होते हुए सुखाड़ नदी को पार कर जीपीएम जिले के जंगल में चला गया। दंतैल ने इससे पहले ग्राम मोहनपुर में उत्पात मचाते हुए एक ग्रामीण के कच्चे मकान को ढहा दिया। जानकारी के अनुसार लगभग 4 दर्जन हाथी कटघोरा वनमंडल के जंगलों में सक्रिय हैं जिनमें से 12 हाथी परला पहाड़ में, 6 एतमानगर रेंज में कोदवारी-भुरूपानी, 19 हाथी पचरा व मड़ई क्षेत्र तथा लगभग 12 हाथी लालपुर क्षेत्र के डंपिंग एरिया में घूम रहे हैं। हाथियों के दल ने फिलहाल कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया है। हाथियों के जंगल ही जंगल घूमने तथा शांत बने रहने से ग्रामीणों व वन अमले ने राहत महसूस की है लेकिन उनमें इस बात को लेकर दहशत व चिंता भी है कि कहीं क्षेत्र में घूम रहे इतनी बड़ी संख्या में हाथी आबादी वाले क्षेत्र में न आ जाए।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.