March 29, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा निगम क्षेत्र के बांकीमोंगरा वार्ड अंतर्गत पुनर्वास ग्राम गंगागनगर में मूलभूत समस्याओं को दूर करने के लिए एसईसीएल द्वारा एक करोड़ 50 लाख की लागत से गंगानगर में तालाब, देव स्थल, सामुदायिक भवन का सौंदर्यकरण, खेल मैदान में बाउंड्री वॉल, स्कूल में शौचालय, बाजार में शेड निर्माण सहित 2 बोर खनन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
माकपा पार्षद राजकुमारी कंवर, जिला सचिव प्रशांत झा और ग्रामवासी महिपाल सिंह कंवर, कली राम, चंद्रपाल सिंह, तपेश्वर, देव कुंवर, जान कुंवर आदि के द्वारा निर्माण कार्य शुरू करने से पूर्व भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर माकपा जिला सचिव प्रशांत झा, किसान सभा के अध्यक्ष जवाहर सिंह कंवर के साथ ग्रामवासी उपस्थित थे।
कोल खनन के लिए अधिग्रहण के बाद घाटमुड़ा से भू-विस्थापित परिवारों को 40 वर्ष पूर्व यहां बसाया गया था। इन चालीस सालों से ग्रामीणजन इस गांव की बुनियादी मानवीय सुविधाओं स्कूल, अस्पताल, बिजली, पानी, गौठान, मनोरंजन गृह, श्मशान घाट, पार्क, स्ट्रीट लाईट आदि को पाने के लिए संघर्षरत थे। इन सुविधाओं का विस्तार करने माकपा के नेतृत्व में पार्षद राजकुमारी कंवर लगातार आंदोलन कर रही थी। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने गेवरा एसईसीएल कार्यालय का घेराव भी किया था। इसके बाद महाप्रबंधक एस.के. मोहंती गंगानगर पहुंचे थे और गांव का भ्रमण कर तत्काल समस्याओं को हल करने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे।
माकपा व छत्तीसगढ़ किसान सभा ने एसईसीएल प्रबंधन की इस सकारात्मक पहल का स्वागत किया है। उन्होंने गंगानगर में तालाब, देव स्थल, सामुदायिक भवन का सौंदर्यकरण, खेल मैदान में बाउंड्री वॉल, स्कूल में शौचालय, बाजार में शेड निर्माण सहित 2 बोर खनन का निर्माण कार्य करने के साथ ही इस गांव के बेरोजगारों को वैकल्पिक रोजगार देने की मांग भी प्रबंधन के समक्ष रखी है।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.