November 28, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

किसी के पास बिस्तर नहीं, तो कोई फटी चादर और बोरी के सहारे गुजार रहा था रात; दर्दनाक हालात देखकर भावुक हुए युवा, कंबल के साथ भूखे व्यक्ति तक पहुंचाया भोजन

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। शहर की चकाचौंध और भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच कुछ ऐसी जिंदगी भी हैं, जिनकी रातें छत के नीचे नहीं, बल्कि खुले आसमान के नीचे गुजरती हैं। सर्द हवाओं के बीच न बिछाने को बिस्तर, न ओढ़ने को पर्याप्त कपड़े और न ही सिर छिपाने के लिए कोई ठिकाना। ऐसे बेबस और बेसहारा लोगों की तकलीफ को महसूस करते हुए बालको संयंत्र में कार्यरत युवाओं की समाजसेवी संस्था मानव सेवा मिशन ने एक बार फिर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है।

हर वर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मानव सेवा मिशन ने शीतकालीन कंबल वितरण अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के पहले चरण में मिशन के सदस्य रात के समय शहर की सड़कों पर निकले और कोरबा रेलवे स्टेशन, पुराना बस स्टैंड, नया बस स्टैंड, ट्रांसपोर्ट नगर सहित विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले बेघर, बेसहारा, दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए। यह केवल कंबल बांटने का अभियान नहीं था, बल्कि उन लोगों तक अपनत्व और संवेदना पहुंचाने की कोशिश थी, जिनकी परेशानियां अक्सर समाज की नजरों से ओझल रह जाती हैं।

 

 

फटी चादर, बोरी और प्लास्टिक के सहारे कट रही थीं रातें

अभियान के दौरान सदस्यों के सामने ऐसे कई दृश्य आए, जिन्होंने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। कहीं कोई व्यक्ति फटी चादर ओढ़कर ठंड से बचने की कोशिश कर रहा था, तो कहीं कोई बोरी और प्लास्टिक के सहारे जमीन पर रात बिताने को मजबूर था। कई लोगों के पास शरीर ढकने के लिए पर्याप्त कपड़े तक नहीं थे। इन परिस्थितियों को देखकर मिशन के सदस्यों ने जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराए और उन्हें यह भरोसा दिलाया कि समाज में ऐसे लोग भी हैं, जिन्हें उनकी तकलीफों की चिंता है।

कंबल ओढ़ाने पहुंचे तो डर गया असहाय व्यक्ति, समझाइश के बाद मिला भरोसा

इस अभियान के दौरान एक ऐसा मार्मिक दृश्य सामने आया, जिसने सभी को भावुक कर दिया। एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति फर्श पर लेटा हुआ मिला। उसके शरीर पर मौजूद कपड़े भी बुरी तरह फटे हुए थे। जब मिशन के सदस्य उसे कंबल ओढ़ाने पहुंचे, तो वह अचानक घबरा गया और वहां से जाने की बात कहने लगा। उसे आशंका हुई कि शायद ये लोग उसे वहां से हटाने आए हैं। सदस्यों ने धैर्य और आत्मीयता के साथ उसे समझाया कि वे उसे परेशान करने नहीं, बल्कि ठंड से बचाने के लिए आए हैं। काफी देर तक प्यार से समझाने के बाद जब उसे भरोसा हुआ, तब वह शांत हुआ। यह दृश्य इस बात का एहसास कराने वाला था कि जरूरतमंदों को केवल मदद ही नहीं, बल्कि सम्मान, अपनापन और विश्वास की भी जरूरत होती है।

खुद भूखा था दिव्यांग व्यक्ति, कंबल के साथ भोजन सामग्री भी पहुंचाई

रेलवे स्टेशन के सामने एक दिव्यांग व्यक्ति बेहद पुराने और फटे हुए कंबल में सोता हुआ मिला। बातचीत के दौरान पता चला कि उसने भोजन तक नहीं किया था। यह जानकर मिशन के सदस्यों ने तत्काल उसके लिए नया कंबल उपलब्ध कराया। साथ ही पास की दुकान से बिस्किट और मिक्सचर खरीदकर उसे भोजन सामग्री भी दी। ठंड से बचने के लिए नया कंबल और भूख मिटाने के लिए खाद्य सामग्री पाकर उसके चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उसने सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस छोटी-सी पहल ने यह संदेश दिया कि मानव सेवा का अर्थ केवल एक जरूरत पूरी करना नहीं, बल्कि सामने वाले की वास्तविक परेशानी को समझकर यथासंभव उसका समाधान करना है।

 

 

 

मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म, अभियान आगे भी रहेगा जारी

मानव सेवा मिशन के सदस्यों का कहना है कि सर्दियों के मौसम में खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले लोगों की तकलीफ को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। किसी जरूरतमंद को दिया गया कंबल महज कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि उसके प्रति हमारी संवेदना, जिम्मेदारी और इंसानियत का प्रतीक है। संस्था का प्रयास है कि शीतकालीन मौसम में अधिक से अधिक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी असहाय व्यक्ति ठंड से बचाव के लिए मदद से वंचित न रहे।

इस सेवा अभियान में मानव सेवा मिशन के केशव चन्द्रा, सत्यम सोनी, दिनेश पृथ्वीकर, क्रांति सोनी, पीतमलाल सोमनकर, रामसहाय पटेल, रघुराज सिंह, नारायण चन्द्रा एवं राकेश तलवार उपस्थित रहे।

जब शहर सो रहा था, तब मानवता का यह कारवां जरूरतमंदों की तलाश में सड़कों पर था। किसी को ठंड से बचाने के लिए कंबल मिला, तो किसी की भूख मिटाने के लिए भोजन सामग्री। मानव सेवा मिशन की यह पहल बताती है कि इंसानियत आज भी जिंदा है और दूसरों के दर्द को अपना समझने वाले हाथ ही समाज को संवेदनशील एवं बेहतर बनाने की असली ताकत हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.