November 25, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

हाईकोर्ट के आदेश में कथित हेराफेरी कर जमानत के नाम पर 2.75 लाख की वसूली! कोरबा के युवक ने कथित अधिवक्ता पर लगाया धोखाधड़ी का गंभीर आरोप, दूसरे मामले के आदेश को अपना बताकर थमाने का दावा

1 min read

 

 

 

मूल न्यायिक आदेश से छेड़छाड़ कर आवेदक और अधिवक्ता का नाम बदलने का आरोप, पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने जांच के लिए बिलासपुर एसएसपी को भेजी शिकायत; अब पुलिस जांच में खुलेगी कथित फर्जीवाड़े की पूरी परत

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। न्यायालय के आदेश की प्रमाणिकता से खिलवाड़ और न्याय दिलाने के नाम पर कथित ठगी का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक को हत्या के मामले में जेल में बंद अपने साले की जमानत दिलाने का भरोसा देकर 2 लाख 75 हजार रुपये ले लिए गए। इसके बाद जब जमानत की प्रक्रिया की जानकारी मांगी गई तो कथित अधिवक्ता ने छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के एक आदेश की प्रति व्हाट्सएप पर भेज दी। लेकिन शिकायतकर्ता का दावा है कि ऑनलाइन आधिकारिक रिकॉर्ड से मिलान करने पर उस आदेश में गंभीर विसंगतियां सामने आईं। जिस आदेश को उसके साले की जमानत से संबंधित बताकर भेजा गया था, उसका मूल रिकॉर्ड किसी दूसरे व्यक्ति और दूसरे मामले से जुड़ा पाया गया। शिकायत में आरोप है कि मूल आदेश में बदलाव कर आवेदक और अधिवक्ता का नाम तक बदल दिया गया था।

मामले में कोरबा के पंप हाउस निवासी विक्रम बग्गा (31 वर्ष) ने कथित अधिवक्ता श्रीकांत सिंह राजपूत के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित शिकायत देकर धोखाधड़ी और न्यायालय के आदेश में कूटरचना किए जाने के आरोपों पर एफआईआर दर्ज करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने इसे जांच एवं अग्रिम कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को प्रेषित किया है।

जमानत दिलाने का भरोसा, अलग-अलग किस्तों में वसूले 2.75 लाख रुपये

शिकायतकर्ता विक्रम बग्गा के अनुसार लगभग छह महीने पहले उनकी मुलाकात श्रीकांत सिंह राजपूत से हुई थी। श्रीकांत ने स्वयं को उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाला अधिवक्ता बताते हुए उनके साले हरविंदर सिंह को हत्या के मामले में जमानत दिलाने का भरोसा दिया। हरविंदर सिंह भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत दर्ज मामले में जेल में निरुद्ध हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जमानत की पैरवी और न्यायालयीन प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर श्रीकांत राजपूत ने स्वयं रुपयों का लेनदेन किया। अलग-अलग किस्तों में कुल 2 लाख 75 हजार रुपये प्राप्त किए गए। इनमें 1 लाख 35 हजार रुपये सीधे फोन-पे के माध्यम से दिए गए, जबकि शेष रकम दोस्त के फोन-पे और नकद के जरिए दिए जाने का दावा किया गया है।

व्हाट्सएप पर भेजी हाईकोर्ट के आदेश की प्रति, यहीं से गहराया संदेह

शिकायत के मुताबिक, जब विक्रम बग्गा ने जमानत की प्रगति को लेकर बार-बार जानकारी मांगी तो उन्हें टालमटोल का सामना करना पड़ा। इसके बाद कथित अधिवक्ता की ओर से छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा की पीठ से संबंधित एक आदेश की प्रति व्हाट्सएप पर भेजी गई।

इस प्रति में MCRC No. 3569 of 2026, दिनांक 16 जून 2026 अंकित था। शिकायतकर्ता के अनुसार इस दस्तावेज में आवेदक के रूप में हरविंदर सिंह और अधिवक्ता के रूप में मिस्टर श्रीकांत सिंह, एडवोकेट का नाम दर्ज था। पहली नजर में इसे जमानत प्रकरण से जुड़ा आदेश बताकर प्रस्तुत किया गया, लेकिन इसकी वास्तविकता की जांच करने पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

हाईकोर्ट के पोर्टल पर मिला दूसरे व्यक्ति का मामला, आदेश में बदलाव का आरोप

शिकायत का सबसे गंभीर पहलू यह है कि विक्रम बग्गा द्वारा उच्च न्यायालय के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल पर संबंधित प्रकरण क्रमांक का मिलान किए जाने पर अलग ही जानकारी सामने आने का दावा किया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार MCRC No. 3569 of 2026 का वास्तविक मूल आदेश 15 जून 2026 का है, जो सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसीवां थाना क्षेत्र से जुड़े हनुमंतराव टंडन के मामले से संबंधित है। इस मूल आदेश में आवेदक के अधिवक्ता के रूप में अभिषेक बंजारे का नाम दर्ज बताया गया है।

आरोप है कि इसी वास्तविक न्यायिक आदेश की सामग्री में कथित तौर पर हेरफेर कर नया दस्तावेज तैयार किया गया। उसमें मूल आवेदक और प्रकरण से संबंधित विवरण बदलकर हरविंदर सिंह का नाम दर्ज कर दिया गया तथा अधिवक्ता के स्थान पर श्रीकांत सिंह का नाम अंकित कर दिया गया।

यदि शिकायत में लगाए गए ये आरोप जांच में प्रमाणित होते हैं तो यह केवल पैसों की कथित धोखाधड़ी का मामला नहीं रहेगा, बल्कि न्यायालयीन दस्तावेज की प्रमाणिकता और न्यायिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता से जुड़ा अत्यंत गंभीर प्रकरण बन सकता है।

 

 

6 नवंबर को एसपी कार्यालय में शिकायत, बिलासपुर पुलिस को भेजा गया मामला

विक्रम बग्गा ने 6 नवंबर 2026 को कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर पूरे मामले की जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। शिकायत में कथित रूप से प्राप्त की गई रकम, फोन-पे लेनदेन, नकद भुगतान और व्हाट्सएप पर भेजे गए न्यायालयीन आदेश की प्रति सहित संबंधित दस्तावेजों का उल्लेख किया गया है।

कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शिकायत के प्राथमिक अवलोकन के बाद घटनास्थल बिलासपुर जिले से संबंधित होने के आधार पर आवेदन को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर के पास जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया है। अब इस मामले में बिलासपुर पुलिस की जांच महत्वपूर्ण होगी।

जांच के घेरे में कई अहम सवाल

इस पूरे प्रकरण में अब कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। कथित तौर पर 2.75 लाख रुपये किस-किस माध्यम से और किन खातों में स्थानांतरित किए गए? व्हाट्सएप पर भेजी गई आदेश की प्रति किसने तैयार की? क्या वास्तविक उच्च न्यायालय के आदेश में डिजिटल तरीके से बदलाव किया गया? दस्तावेज में आवेदक और अधिवक्ता का नाम किसने और किस उद्देश्य से बदला? क्या संबंधित व्यक्ति वास्तव में अधिवक्ता के रूप में पंजीकृत है? इन सभी सवालों का जवाब पुलिस की जांच और दस्तावेजों के फॉरेंसिक परीक्षण से सामने आ सकता है।

न्यायालय के आदेश से छेड़छाड़ का आरोप साधारण मामला नहीं

न्यायालय का आदेश किसी भी नागरिक के लिए न्यायिक प्रक्रिया का आधिकारिक दस्तावेज होता है। ऐसे दस्तावेज में कथित तौर पर बदलाव कर किसी दूसरे मामले का आदेश किसी अन्य व्यक्ति के पक्ष में प्रस्तुत किए जाने का आरोप बेहद गंभीर है। यदि ऐसा कृत्य प्रमाणित होता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई आवश्यक होगी।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जमानत दिलाने के नाम पर रकम लेने और कथित रूप से बदले हुए न्यायालयीन आदेश की सच्चाई सामने आएगी? क्या शिकायतकर्ता को उसकी रकम वापस मिलेगी और दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होगी? इन सवालों पर अब बिलासपुर पुलिस की जांच से ही स्थिति स्पष्ट होगी।

महत्वपूर्ण पक्ष: यह समाचार शिकायतकर्ता विक्रम बग्गा के लिखित आवेदन, कोरबा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के प्रेषण पत्र, संलग्न दस्तावेजों तथा उनके वीडियो बयान में दी गई जानकारी पर आधारित है। श्रीकांत सिंह राजपूत के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और अंतिम सत्यापन पुलिस जांच का विषय है। आरोप प्रमाणित होने तक किसी को दोषी नहीं माना जा सकता। संबंधित पक्ष का जवाब मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.