November 24, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

 किरण देव, बृजमोहन अग्रवाल और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बूथ सशक्तीकरण, सोशल मीडिया की ताकत और युवाओं को संगठन से जोड़ने पर दिया विशेष जोर

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//  रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक उत्साह, संगठनात्मक मंथन और आगामी कार्ययोजना के संकल्प के साथ संपन्न हुई। समापन सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय तथा भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में युवाओं की संगठनात्मक भूमिका, बूथ स्तर पर मजबूती और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विशेष चर्चा हुई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि युवा मोर्चा संगठन की रीढ़ और पार्टी की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, नए मतदाताओं को जोड़ने तथा सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग से पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

 

 

 

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवा मोर्चा को भाजपा की ऊर्जा, उत्साह और संघर्ष की पहचान बताते हुए कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ से तैयार होती है। युवा कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को समझें और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रही विकास यात्रा को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी युवाओं को सौंपी।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान में परिवर्तन का प्रभावशाली वाहक है। उन्होंने विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं से संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क, सोशल मीडिया और मैदानी अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रगौरव की नई पहचान बना रहा है। युवाओं को राष्ट्रहित सर्वोपरि रखते हुए पार्टी की विचारधारा और सरकार की उपलब्धियां गांव-गांव तक पहुंचानी चाहिए।

बैठक में युवा मोर्चा की आगामी कार्ययोजना, नए युवाओं को संगठन से जोड़ने, बूथ सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर भी मार्गदर्शन दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन से कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, भाजयुमो राष्ट्रीय महामंत्री अर्पिता बड़जेना, प्रदेश प्रभारी वैभव बैस, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भूपेंद्र नाग, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी हिमांशु यादव, राष्ट्रीय सह कार्यालय प्रभारी मोहित सोनी, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य गजेंद्र सिंह तोमर एवं अनमोल झा सहित बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आए पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक का मुख्य संदेश स्पष्ट रहा कि युवाशक्ति की सक्रियता, संगठनात्मक अनुशासन और बूथ स्तर की मजबूती के दम पर भाजपा अपने आगामी अभियानों को नई गति देने की तैयारी में जुटी है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.