जलवायु परिवर्तन पर रायपुर में गूंजा कोरबा का आदिवासी सवाल, मनराखन अगरिया ने खदानों, विस्थापन और पर्यावरण संरक्षण की चुनौतियों को विशेषज्ञों के सामने बेबाकी से रखा
1 min read
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**कोरबा/रायपुर।** जलवायु परिवर्तन की चुनौती और विकास की दौड़ में आदिवासी समुदायों के अधिकारों को न्यायपूर्ण तरीके से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 19 से 22 नवंबर 2026 तक नेतृत्व साधना केंद्र, रायपुर में तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। PI CARE परियोजना के अंतर्गत IISER पुणे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से चयनित 60 आदिवासी युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यशाला में देश के विभिन्न संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, वन अधिकार, मिट्टी की उर्वरता, ऊर्जा संसाधनों और औद्योगिक परियोजनाओं से प्रभावित समुदायों के न्यायपूर्ण पुनर्वास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए। IIT रायपुर के डॉ. राजकुमार साहू ने ऊर्जा के विभिन्न स्रोतों और पर्यावरण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला, वहीं कृषि एवं मृदा विशेषज्ञों ने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और किसानों को जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता बताई।
**कोरबा की औद्योगिक चमक के पीछे आदिवासी विस्थापन का दर्द उठाया**
कार्यशाला में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे मनराखन अगरिया ने ऊर्जा नगरी कोरबा की वास्तविक तस्वीर विशेषज्ञों के सामने रखी। उन्होंने कहा कि कोरबा देश के प्रमुख कोयला उत्पादक और बिजली उत्पादन केंद्रों में शामिल है, जहां से विभिन्न राज्यों को बिजली उपलब्ध कराई जाती है। लेकिन औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और विस्थापित आदिवासी परिवारों के अधिकारों पर भी गंभीरता से ध्यान देना जरूरी है।
उन्होंने खदानों के बंद होने के बाद खाली गड्ढों का समुचित भराव कर पौधरोपण एवं पर्यावरण पुनर्स्थापना करने तथा मिनीमाता बांगो बांध से जुड़े विस्थापित आदिवासी परिवारों को उनके अधिकार और मूलभूत सुविधाएं न्यायपूर्ण तरीके से उपलब्ध कराने की आवश्यकता उठाई। उन्होंने कहा कि कोरबा आर्थिक और ऊर्जा विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है, लेकिन यहां के अनेक विस्थापित परिवार आज भी बुनियादी सुविधाओं और बेहतर जीवनयापन के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
मनराखन अगरिया ने युवाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, वन अधिकार और विस्थापितों के मुद्दों को लेकर जागरूकता फैलाने तथा शासन-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर न्यायपूर्ण बदलाव की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
कार्यशाला में IISER पुणे की डॉ. शालिनी वर्मा, प्रोफेसर हिमांशु उपाध्याय, प्रोफेसर शरद लेले सहित विभिन्न विशेषज्ञों तथा नेतृत्व साधना केंद्र के संस्थापक प्रणीत, धीरज कुमार, जीत कुमार, सुकांती एवं सहयोगियों की विशेष भूमिका रही। चार दिवसीय आयोजन का समापन युवाओं द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सीखी गई बातों को जनसमुदाय तक पहुंचाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय पहल करने के संकल्प के साथ हुआ।




