SECL प्रबंधन की अनदेखी से मजदूरों में उबाल, अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान; 16 नवंबर से कुसमुंडा क्षेत्र में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल!
1 min read
लंबे समय से लंबित मजदूर समस्याओं और सिविल कार्यों पर कार्रवाई नहीं होने से कोयला श्रमिक संघ (सीटू) का फूटा गुस्सा, प्रबंधन को दिया आंदोलन का अल्टीमेटम; मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल से थमेगा विरोध का सिलसिला नहीं
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कुसमुंडा, कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र में मजदूरों की लंबित समस्याओं और सिविल कार्यों के निराकरण को लेकर अब श्रमिक असंतोष खुलकर सामने आ गया है। लंबे समय से मांगों की अनदेखी और प्रबंधन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए कोयला श्रमिक संघ (सीटू) ने अब आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। संघ ने स्पष्ट ऐलान किया है कि यदि मजदूरों की जायज मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो 16 नवंबर 2026 से कुसमुंडा क्षेत्र में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
संघ का आरोप है कि मजदूरों की विभिन्न समस्याएं और क्षेत्र के लंबित सिविल कार्य लंबे समय से प्रबंधन के समक्ष उठाए जाते रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान की दिशा में संतोषजनक पहल नहीं हुई है। प्रबंधन को पहले भी लिखित रूप से समस्याओं से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होना श्रमिकों के आक्रोश का बड़ा कारण बन गया है।
7 सितंबर को दिया था पत्र, 14 दिनों में समाधान की रखी थी मांग
कोयला श्रमिक संघ (सीटू) के अनुसार, संघ ने पूर्व में 7 सितंबर 2026 को प्रबंधन को पत्र सौंपकर मजदूरों की लंबित समस्याओं और सिविल कार्यों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया था। साथ ही 14 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण करने की मांग की गई थी। लेकिन संघ का कहना है कि समय-सीमा गुजरने के बाद भी प्रबंधन की ओर से कोई ठोस और संतोषजनक पहल सामने नहीं आई। ऐसे में मजदूरों के हितों को लेकर संघ ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।
ये हैं मजदूरों की चार प्रमुख मांगें
कोयला श्रमिक संघ (सीटू) ने प्रबंधन के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें कुसमुंडा क्षेत्र के सभी लंबित सिविल कार्य तत्काल प्रारंभ कराने, मजदूरों से संबंधित सभी लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने, कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं एवं कल्याणकारी कार्यों पर प्रबंधन द्वारा तत्काल ध्यान देने तथा संघ की ओर से पूर्व में उठाई गई सभी समस्याओं पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।
अब आश्वासन नहीं, जमीन पर कार्रवाई चाहिए
संघ ने साफ कर दिया है कि मजदूरों के अधिकारों, सुविधाओं और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। प्रबंधन को यह समझना होगा कि कोयला उत्पादन में मजदूरों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनकी समस्याओं को लंबे समय तक लंबित रखना उचित नहीं है। संघ की मांग है कि भूख हड़ताल शुरू होने से पहले ही सभी जायज समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
16 नवंबर से शुरू होगा अनिश्चितकालीन संघर्ष
सीटू ने चेतावनी दी है कि 16 नवंबर 2026 से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल मजदूरों की लंबित समस्याओं के निराकरण तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है। संघ का कहना है कि मजदूरों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में वह पीछे नहीं हटेगा। अब गेंद एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन के पाले में है। प्रबंधन समय रहते मांगों पर गंभीरता से विचार कर समाधान करता है या फिर मजदूरों का आंदोलन शुरू होता है, इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
इस संबंध में कोयला श्रमिक संघ (सीटू), कुसमुंडा क्षेत्र के सचिव सज्जी टी. जॉन ने प्रबंधन से मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की है।




