October 5, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

गरीब कल्याण से किसान सम्मान तक, आवास से जनजातीय विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान तक गिनाईं उपलब्धियां
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की राजनीतिक यात्रा सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास परियोजनाओं का प्रभाव छत्तीसगढ़ के गांवों, किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और जनजातीय समुदायों तक पहुंचा है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ से जुड़ाव और प्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ के साथ लंबे समय से आत्मीय संबंध रहा है और संगठन के दायित्वों के दौरान उन्होंने प्रदेश के सुदूर वनांचलों का भी व्यापक प्रवास किया।
गरीब कल्याण से सामाजिक सुरक्षा तक पहुंचा योजनाओं का लाभ
रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। उनके अनुसार, उज्ज्वला योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ की 39.54 लाख महिलाओं को लाभ मिला है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत 41 लाख 50 हजार ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचाया गया है।
उन्होंने कहा कि जनधन खातों और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण की व्यवस्था ने सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
आयुष्मान भारत से स्वास्थ्य सुरक्षा का दावा
कृषि मंत्री ने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र परिवारों को उपचार के लिए 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि योजना का विस्तार 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों तक भी किया गया है। साथ ही नए मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों के विस्तार से प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में विस्तार हुआ है।
किसानों के खातों में 11 हजार करोड़ से अधिक की सम्मान निधि
कृषि मंत्री ने छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के 25 लाख 51 हजार किसानों के खातों में 11 हजार 277 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान निधि सीधे अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सिंचाई, आधुनिक कृषि तकनीक, फसल बीमा और किसान पंजीयन जैसी व्यवस्थाओं के विस्तार से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली है।
धान उत्पादन और खरीदी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
आवास योजना में तेजी, रोज बन रहे औसतन 1600 पक्के मकान
प्रधानमंत्री आवास योजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नेताम ने कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन करीब 1600 पक्के आवासों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने 30 मार्च 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुए गृह प्रवेश कार्यक्रम तथा 1 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस पर 3 लाख 51 हजार आवासों के गृह प्रवेश का भी उल्लेख किया।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर जोर
रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य जारी है। उन्होंने विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने, वन धन केंद्रों के माध्यम से लघु वनोपज के मूल्य संवर्धन तथा जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया।
बस्तर में विकास और सुरक्षा को लेकर सरकार का दावा
नक्सलवाद के मुद्दे पर कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई और केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों से बस्तर में बदलाव आया है। उन्होंने नियद नेल्लानार जैसी योजनाओं के माध्यम से सुरक्षा कैंपों के आसपास के गांवों तक राशन, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचने की बात कही। बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक्स जैसे आयोजनों को उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं और संस्कृति को आगे लाने का माध्यम बताया।
रेल, सड़क, हवाई कनेक्टिविटी और उद्योगों पर भी फोकस
नेताम ने कहा कि प्रदेश में रेलवे, सड़क, फ्लाईओवर और हवाई कनेक्टिविटी से जुड़ी कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास तथा विभिन्न सड़क परियोजनाओं का उल्लेख किया। रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर से हवाई संपर्क के विस्तार को भी उन्होंने प्रदेश की कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण बताया।
34 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं से लेकर 14 हजार करोड़ के विकास कार्यों तक का ब्यौरा
कृषि मंत्री ने प्रदेश में हुए बड़े विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 24 फरवरी 2024 को 34,400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ। इसके बाद 30 मार्च 2025 को बिलासपुर में 33,700 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिलने की बात कही। उन्होंने 1 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस पर 14,260 करोड़ रुपये की परियोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी का उल्लेख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को लेकर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का उल्लेख करते हुए रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेशभर में जनभागीदारी के साथ विभिन्न सेवा एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन, चित्रकला, रंगोली, भाषण प्रतियोगिता तथा जल और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य लेकर राज्य सेवा, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर तथा रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.