रामलीला की भव्यता में नहीं रहेगी कोई कमी, तैयारियों को लेकर निगम ने कसी कमर
1 min read



मंत्री लखन लाल देवांगन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, महापौर संजू देवी राजपूत ने व्यवस्थाओं को लेकर दिए अहम सुझाव
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। भगवान श्रीराम की मर्यादा, त्याग, सत्य और आदर्शों की जीवंत प्रस्तुति बनने जा रहे श्रीरामलीला आयोजन को इस बार भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और नागरिकों की सुविधाओं को देखते हुए नगर निगम कोरबा ने व्यवस्थाओं को लेकर कमर कस ली है। इसी कड़ी में नगर निगम के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन की अध्यक्षता में श्रीरामलीला आयोजन की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में महापौर संजू देवी राजपूत ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए आयोजन स्थल और आसपास की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि श्रीरामलीला केवल मंच पर होने वाला धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, संस्कार और भारतीय संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला जीवंत माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि रामलीला स्थल पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, आवागमन, श्रद्धालुओं की सुविधा और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी करने तथा आयोजन के दौरान लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि कोरबा की जनता धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में पूरे उत्साह के साथ सहभागी बनती है। रामलीला के माध्यम से बच्चों और युवाओं को भगवान श्रीराम के सत्य, संयम, कर्तव्य, त्याग और मर्यादा जैसे जीवन मूल्यों से परिचित कराने का अवसर मिलता है। इसलिए आयोजन की सफलता केवल प्रशासनिक व्यवस्था नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी भी है।
समीक्षा बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, आयोजन स्थल की व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री लखन लाल देवांगन ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि रामलीला देखने आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर वातावरण और सुगम व्यवस्था मिले। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई से लेकर प्रकाश और आवागमन तक हर व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम आयोजन समिति एवं सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
श्रीरामलीला के माध्यम से कोरबा में इस बार आस्था के साथ संस्कृति और संस्कारों का भी भव्य संगम देखने को मिलेगा। भगवान श्रीराम की मर्यादा और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने वाले इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए नगर निगम और प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है।







