केसीसी में सजा ‘अभीरंग-2026’ का रंगीन मंच, प्रतिभा और उत्साह से गूंज उठा परिसर
1 min read



नवप्रवेशित विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां; हिमांशु और योगिता बने मिस्टर-मिस फ्रेशर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा कम्प्यूटर महाविद्यालय (केसीसी) में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं परिचय के लिए आयोजित ‘अभीरंग-2026’ समारोह उत्साह, उमंग, प्रतिभा और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। कोरबा शिक्षण समिति द्वारा संचालित एवं अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर से सम्बद्ध महाविद्यालय के बीसीए, बीबीए, बीकॉम, डीसीए, पीजीडीसीए एवं एमएससी (सीएस) प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्थानीय होटल औरा गोल्ड, टीपी नगर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोरबा शिक्षण समिति के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि कोषाध्यक्ष रंजना अग्रवाल ने माँ सरस्वती, महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद योगिता ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं गरिमामय शुरुआत दी।

समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने अपना परिचय देकर एक-दूसरे से परिचय बढ़ाया। इसके बाद शुरू हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को जीवंत कर दिया। बीसीए तृतीय सेमेस्टर की मारिया, श्रेया, नेहा, चांदनी, रिया, नंदिनी, अंशु, मेघा, स्वीटी एवं झलक तथा पीजीडीसीए की श्रुति, दीप्ति, तनुश्री, पूर्णिमा एवं प्रांजली ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं काजल-जयश्री, स्नेहा-कुमानदनी तथा दिशा-डॉली की युगल प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। योगिता एवं रजनी की मधुर संगीत प्रस्तुति ने समारोह में संगीत की मिठास घोल दी।
नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित विभिन्न मनोरंजक खेलों में भी उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में हिमांशु एवं योगिता विजेता रहे। समारोह का विशेष आकर्षण ‘मिस्टर फ्रेशर’ और ‘मिस फ्रेशर’ का चयन रहा। इसमें बीसीए प्रथम सेमेस्टर के हिमांशु भार्गव एवं योगिता महंत ने क्रमशः मिस्टर फ्रेशर एवं मिस फ्रेशर का खिताब हासिल किया। वहीं बीबीए से प्रतीक राठौर तथा बीकॉम से हर्षिता कर्ष को भी मिस्टर एवं मिस फ्रेशर के रूप में चुना गया। सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
‘ज्ञान, कौशल और चरित्र’ को सफलता की असली कुंजी बताया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के निर्देशक एवं कोरबा शिक्षण समिति के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दोनों महापुरुषों को नमन किया।
अपने प्रेरक उद्बोधन में राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों से कहा कि भविष्य केवल वर्तमान परिस्थितियों से तय नहीं होता, बल्कि वर्तमान में किए गए लगन, मेहनत और निरंतर प्रयास ही भविष्य की दिशा निर्धारित करते हैं। उन्होंने कहा कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि लगातार प्रयास करते रहने से एक दिन सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
उन्होंने वर्तमान तकनीकी युग का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और चरित्र के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि ज्ञान हमें बताता है कि क्या करना है, कौशल यह सिखाता है कि कैसे करना है, जबकि चरित्र यह तय करता है कि अपने ज्ञान और कौशल का समाज में किस प्रकार उपयोग करना है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आगे बढ़ने के लिए दूसरों को पीछे धकेलने की आवश्यकता नहीं है। व्यक्ति को अपनी क्षमता और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय स्वयं को ऐसी पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया कि लोग उनकी प्रतिभा और व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उनसे जुड़ने के लिए आगे आएं।
वरिष्ठ विद्यार्थियों और शिक्षकों के सहयोग से यादगार बना समारोह
‘अभीरंग-2026’ को यादगार बनाने में वरिष्ठ विद्यार्थियों दीपक दुबे, कुन्दन, रेहान, सृष्टि, कुमानदनी, निखिल, तानिया, तनमय, रोशन, स्नेहा, डेविड, लोकेश, शिफा, नंदिनी एवं कुनाल का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन बीसीए तृतीय सेमेस्टर की काजल एवं जयश्री तथा बीसीए पंचम सेमेस्टर की नेहा एवं सुरेखा ने किया। महाविद्यालय की शिक्षिकाओं एवं शिक्षकों रीना लहरे, बालीदास महंत, सुरभि कुण्डू, सुरभि राठौर, ईरविन कुमार, रूपाली जाटवर, सिमरन कौर, श्वेता टंडन, आस्था राजपुत, कविता यादव एवं ऐश्वर्या साहू का भी कार्यक्रम की सफलता में विशेष योगदान रहा।
उत्साह, प्रतिभा, अनुशासन और यादगार पलों से सजे ‘अभीरंग-2026’ का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।







