“वृद्ध नहीं, समृद्ध सियान हैं पेंशनर”—मुंगेली में गूंजा सम्मान और अधिकारों के लिए एकजुटता का संदेश
1 min read



80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का शाल-श्रीफल से हुआ सम्मान, अनुभव और सेवा ज्ञान को समाज-देश के हित में लगाने का आह्वान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// मुंगेली। छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ का संभागीय पेंशनर सम्मान समारोह 27 सितंबर 2026 को मुंगेली स्थित सतनाम भवन में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में संभागभर से पेंशनर, जिला शाखाओं के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ पेंशनरों के सम्मान के साथ उनके अनुभव, सेवा भावना और समाज के प्रति योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. विनय कुमार पाठक रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रान्ताध्यक्ष डी.पी. मनहर ने की। न्यायमूर्ति डॉ. चन्द्रभूषण वाजपेयी सहित जिला एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष मुंगेली की गरिमामय उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। अतिथियों ने वरिष्ठ पेंशनरों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके लंबे सेवाकाल और समाज निर्माण में निभाई गई भूमिका को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। सम्मान के इस अवसर पर वरिष्ठ पेंशनरों के चेहरे पर आत्मीयता और गौरव की झलक दिखाई दी। समारोह ने यह संदेश भी दिया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी अनुभव और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व कम नहीं होता।
मुख्य अतिथि डॉ. विनय कुमार पाठक ने अपने उद्बोधन में कहा कि पेंशनर वृद्ध नहीं, बल्कि “समृद्ध सियान” हैं। उन्होंने कहा कि जीवनभर की सेवा से अर्जित अनुभव और ज्ञान समाज तथा देश के लिए महत्वपूर्ण पूंजी है। उन्होंने पेंशनरों से अपने अनुभव और सेवा के ज्ञान का उपयोग समाजहित एवं राष्ट्रहित में निरंतर करते रहने का आह्वान किया।







