पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही ‘सुखदेव’ बने ‘झूठदेव’, कांग्रेस की हताशा साफ दिखी : विकास मरकाम
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप के चेयरमैन विकास मरकाम ने कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे कांग्रेस की हताशा और मुद्दों के अकाल का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि नाम भले ‘सुखदेव’ हो, लेकिन पहली ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में तारापुर कोल ब्लॉक को लेकर किए गए कथित भ्रामक दावों के कारण वे ‘झूठदेव’ साबित हो गए हैं।
मरकाम ने हसदेव अरण्य और तारापुर कोल ब्लॉक के मुद्दे पर कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता में रहते कांग्रेस सरकार पर खनन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के आरोप लगे और अब विपक्ष में रहते उसी मुद्दे को लेकर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल के फैसलों और आदिवासी हितों से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस के भीतर गुटबाजी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश प्रभारी को भाजपा की चिंता करने के बजाय पहले कांग्रेस को एकजुट करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल से जुड़े शराब, पीएससी, कोयला और गोबर घोटाले के आरोपों का उल्लेख करते हुए पार्टी नेतृत्व से आत्ममंथन की नसीहत दी।
मरकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार महतारी वंदन, कृषक उन्नति, लखपति दीदी, नियद नेल्लानार, नल-जल, पीएम आवास, पीएम जनमन और तेंदूपत्ता के रिकॉर्ड दाम जैसी योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण के कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लगातार जनहित के मुद्दों पर तथ्यात्मक संवाद करना चाहिए, न कि पुराने मुद्दों को लेकर राजनीतिक भ्रम पैदा करना चाहिए।







