September 22, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा—सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का मूल उद्देश्य, गांव-शहर में जनभागीदारी बढ़ाने दिए निर्देश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**//**  कोरबा, 22 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं जनकल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ को कोरबा जिले में व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने अभियान की अब तक की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की तिथिवार कार्ययोजना, आयोजन स्थलों और विभागीय जिम्मेदारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जनसेवा की भावना को आमजन तक पहुंचाने का माध्यम है। अभियान के जरिए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता को जनआंदोलन का रूप दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम में अधिकाधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो और शासन-प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों का बेहतर समन्वय दिखाई दे।
‘आशीर्वाद का दीया’ की सफलता के बाद अब सेवा गतिविधियों का विस्तार
उपमुख्यमंत्री ने 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि घर-घर दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से जिस तरह लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की, वह अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसी प्रकार ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने चित्रकला और भाषण के माध्यम से देश के भविष्य को लेकर अपनी कल्पनाओं को अभिव्यक्त किया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों में भी इसी उत्साह को बनाए रखते हुए गतिविधियों को जनउत्सव के रूप में आयोजित करने के निर्देश दिए।

 

 

सफाई से रक्तदान और पौधरोपण तक—सेवा का बनेगा व्यापक अभियान
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने गांवों और शहरों में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने पर जोर दिया। नदी-घाटों की सफाई, बड़े पैमाने पर पौधरोपण, रक्तदान, अंगदान और विभिन्न जनसेवा गतिविधियों में अधिकाधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों में सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और मानवता के प्रति संकल्प की भावना मजबूत की जाए।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को ‘सेवा की कहानी’ के रूप में सामने लाने के निर्देश भी दिए। उनका कहना था कि योजनाओं से लोगों के जीवन में आए वास्तविक बदलाव की प्रेरक कहानियां आमजन को सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
मुनादी से लेकर पोस्टर-बैनर तक, गांव-गांव पहुंचेगा अभियान का संदेश
उपमुख्यमंत्री ने अभियान के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए मुनादी, बैनर, पोस्टर सहित अन्य प्रचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों की तिथि, स्वरूप और आयोजन स्थल की पूर्व जानकारी उपलब्ध कराने तथा सभी गतिविधियों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
देवांगन ने कहा—हर वर्ग को अभियान से जोड़ना जरूरी
बैठक में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने भी अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का प्रभाव केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहे, बल्कि नगरीय निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
साढ़े पांच लाख से ज्यादा दीप और एक लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले में अभियान के तहत अब तक हुई गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के दौरान जिले में साढ़े पांच लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में जिले के 2034 शासकीय एवं निजी विद्यालयों के एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं ने विकसित भारत की कल्पनाओं को चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने रखा। ब्लॉक एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
आंगनबाड़ी से नदी घाट तक, स्कूल से पंचायत तक पहुंचेंगी गतिविधियां
कलेक्टर ने बताया कि ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत चिन्हांकित 15 विद्यालयों में नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत 25 सितंबर से विभिन्न दिनों में आंगनबाड़ी केंद्रों में माताओं और बच्चों की सहभागिता से पोषण, टीकाकरण तथा महिला-बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसी दौरान ‘हर घर मुनगा’ के तहत पालकों को पौधे भी वितरित किए जाएंगे।
‘जल सेवा संकल्प’ के तहत हसदेव, लीलागर सहित जिले की अन्य नदियों के किनारे एक लाख से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत नदी-घाटों की सफाई सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में नागरिकों को जोड़ा जाएगा। सर्वमंगला घाट पर जनप्रतिनिधियों के सहयोग से विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वनवासी कल्याण आश्रम में रक्तदान शिविर तथा 25 सितंबर को जिला मुख्यालय में दिव्यांग शिविर का आयोजन भी प्रस्तावित है।
‘सरकार आपके द्वार’ में योजनाओं का लाभ, राजस्व मामलों का निराकरण
‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड एवं नगरीय निकाय स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के साथ राजस्व प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। इसके अलावा स्थानीय उत्पादों के मेले, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, विकसित भारत संकल्प यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज तथा ‘जनसेवक महाकुंभ—पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी अभियान का हिस्सा होंगी।
अधिकारियों को जिम्मेदारी, मैदान में उतरा प्रशासन
कलेक्टर ने बताया कि अभियान के सुचारु संचालन के लिए विभागवार नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं और प्रशासनिक अधिकारियों को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। सभी विकासखंडों में जनजागरूकता के लिए प्रचार रथ भी रवाना किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनप्रतिनिधियों और आमजन की सहभागिता से अभियान की सभी गतिविधियों को शासन की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से संचालित करने में जुटा है।
बैठक में विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, गोपाल मोदी, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, डीएफओ कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, एडीएम देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.