September 22, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// रायपुर। भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा। प्रदेश भाजपा कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पत्रकारों से चर्चा के दौरान पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस अपनी आंतरिक खींचतान और आपसी विवादों से ध्यान भटकाने के लिए इनका दोष दूसरों पर मढ़ने का प्रयास कर रही है।
सांसद पाण्डेय ने असम के हालिया घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां सामने आए वीडियो फुटेज में कांग्रेस के झंडे दिखाई दे रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच ही विवाद की स्थिति नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव के दौरान भी एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी का घटनाक्रम सामने आया था। पाण्डेय ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल जहां जाते हैं, वहां कांग्रेस का संगठनात्मक विवाद सामने आने लगता है। उन्होंने कहा कि असम में कांग्रेस अपनी स्थिति को लेकर चिंतित है और इसी कारण अनर्गल बयानबाजी के जरिए अपनी अंदरूनी स्थिति से ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है।
बस्तर के मुद्दे पर कांग्रेस के शासनकाल को घेरा
बस्तर की मौजूदा स्थिति की तुलना पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से करते हुए पाण्डेय ने कहा कि उस समय बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जैसे इलाकों में शाम के बाद आवागमन को लेकर भय का वातावरण रहता था। भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रचारकों के लिए भी अंदरूनी क्षेत्रों में पहुंचना कठिन था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में बस्तर के दूरस्थ गांवों तक लोग अपेक्षाकृत निर्भय होकर आवागमन कर रहे हैं।
कश्मीर को लेकर कांग्रेस के पुराने बयानों का किया जिक्र
कश्मीर में पत्थरबाजी के मुद्दे पर कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए भाजपा सांसद ने वर्ष 2017 में कांग्रेस नेता सैफुद्दीन सोज के बयान का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का एक वर्ग लंबे समय से ऐसे मामलों में अलग-अलग मानदंड अपनाता रहा है। पाण्डेय ने कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस को टिप्पणी करने से पहले अपने शासनकाल और नेताओं के पुराने बयानों पर भी विचार करना चाहिए।
सरगुजा से प्रदेश संगठन तक गुटबाजी का लगाया आरोप
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज के आरोपों पर पलटवार करते हुए पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस में ऊपर से लेकर नीचे तक आपसी खींचतान की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने सरगुजा में टी.एस. सिंहदेव और बृहस्पति सिंह के बीच हुए सार्वजनिक विवाद का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति किसी से छिपी नहीं है।
पाण्डेय ने कांग्रेस द्वारा आयोजित किए जा रहे कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविरों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रशिक्षण की शुरुआत अपने नेताओं से करनी चाहिए और सबसे पहले उन्हें आपसी गुटबाजी से ऊपर उठकर संगठन के लिए काम करने का पाठ पढ़ाना चाहिए।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.