September 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में संगठन का महा-मंथन, रितु चौरसिया ने कहा—बूथ मजबूत होगा तो जनसेवा और विकास को मिलेगी नई रफ्तार
Tirentra times Korba **//**//**  बांकी मोंगरा (कोरबा)। भारतीय जनता पार्टी बांकी मोंगरा मंडल की कार्यसमिति बैठक एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ मंडल कार्यशाला स्थानीय सामुदायिक भवन, घुरदेवा में उत्साह और ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हुई। वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में आयोजित इस सांगठनिक कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, अनुशासन, जनसेवा और आगामी अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से मंथन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के राष्ट्रगीत गान से हुआ। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने भाजपा के पितृपुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा परिसर भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठनात्मक नारों से गूंजता रहा।

 

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, मंडल प्रभारी एवं जिला मंत्री अजय दुबे, जिला मंत्री सतीश झा, मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा तथा नगर पालिका परिषद बांकी मोंगरा की अध्यक्ष सोनी विकास झा मंचासीन रहीं। इनके साथ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैल राठौर, पूर्व मंडल महामंत्री हनुमान पांडे, पूर्व मंडल महामंत्री अश्वनी साहू, मंडल महामंत्री विकेश झा सहित नवनियुक्त एल्डरमैन एवं पीआईसी सदस्य भी उपस्थित रहे। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को व्यापक सांगठनिक स्वरूप प्रदान किया।
दीप प्रज्वलन के बाद मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंचासीन अतिथियों, वरिष्ठ नेताओं एवं नवनियुक्त जनप्रतिनिधियों का फूल-मालाओं एवं बुके भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद कार्यसमिति के प्रथम सत्र में मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा ने अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए मंडल में संचालित संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी।
मंडल प्रभारी एवं जिला मंत्री अजय दुबे ने कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यप्रणाली, अनुशासन और पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने क्षेत्र की जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण तथा जनसेवा से जुड़े कार्यों को गति देने के संकल्प को दोहराया।

 

रितु चौरसिया ने कार्यकर्ताओं में भरा नया जोश
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया ने अपने ओजस्वी संबोधन में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए संगठन और जनसेवा के बीच मजबूत तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आगामी कार्ययोजनाओं को सरल और प्रभावी तरीके से समझाया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाएं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और सेवा भावना ही जनविश्वास को मजबूत करने का आधार है।
कार्यशाला में बूथ स्तर की सक्रियता, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन अनिता राजपूत ने किया। समापन अवसर पर मंडल महामंत्री विकेश झा ने मंचासीन अतिथियों, मंडल पदाधिकारियों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों, संयोजकों तथा बूथ स्तर से पहुंचे सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के साथ संपन्न यह कार्यशाला बांकी मोंगरा मंडल में संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देने का संदेश दे गई।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.