September 4, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

शिकायत और सर्वे के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, पार्षद राकेश वर्मा ने पूछा—बड़ा हादसा होने का इंतजार क्यों?
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  कोरबा पूर्व। CSEB कॉलोनी में खतरनाक पेड़ों को लेकर की जा रही शिकायतों के बीच NC क्वार्टर के पास विशाल सरई और नीलगिरी का पेड़ सड़क पर धराशायी हो गया। संयोग से इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन घटना ने कॉलोनी में पेड़ों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार सिविल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

 

कॉलोनीवासियों के अनुसार क्षेत्र में कई पुराने और कमजोर पेड़ों को लेकर पहले ही शिकायतें की जा चुकी हैं और सर्वे भी कराया गया था। इसके बावजूद चिन्हित पेड़ों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने से अब विभाग की गंभीरता पर सवाल उठ रहे हैं। सड़क पर विशाल पेड़ गिरने की घटना ने साफ कर दिया है कि खतरा केवल शिकायतों और सर्वे तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर मौजूद है।
पार्षद ने विभाग को घेरा
पार्षद राकेश वर्मा ने कार्रवाई में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब खतरनाक पेड़ों की जानकारी पहले से थी और सर्वे भी कराया जा चुका था, तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों से सवाल किया कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही विभाग जागेगा?
उन्होंने CSEB कॉलोनी में दोबारा व्यापक सुरक्षा सर्वे कराने तथा खतरनाक पेड़ों की स्थिति के अनुसार तत्काल वैज्ञानिक छंटाई या आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
अब कागजी सर्वे नहीं, चाहिए जमीन पर कार्रवाई
बारिश और तेज हवाओं का खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। ऐसे में कमजोर पेड़ों को लेकर किसी भी तरह की देरी कॉलोनीवासियों के लिए भारी पड़ सकती है। एक पेड़ गिरने के बाद उसे हटाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र में खतरनाक पेड़ों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई करना जरूरी है।
घटना के बाद कॉलोनीवासियों का सवाल बेहद सीधा है—जब खतरे की जानकारी पहले से थी, शिकायतें भी थीं और सर्वे भी हो चुका था, तो कार्रवाई आखिर क्यों नहीं हुई?
अब लोगों को आश्वासन नहीं, सड़क पर दिखाई देने वाली ठोस कार्रवाई और विभागीय जवाबदेही चाहिए।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.