सीतामणी से उरगा तक 10 किमी फोरलेन सड़क की मांग, मंत्री लखनलाल देवांगन ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को लिखा पत्र



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। जिले में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री तथा कोरबा नगर विधायक लखनलाल देवांगन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी को पत्र लिखा है। उन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर, सीतामणी से उरगा तक लगभग 10 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन के रूप में विकसित कर भारतमाला परियोजना के मार्ग से जोड़ने की स्वीकृति देने का आग्रह किया है।
मंत्री देवांगन ने पत्र में बताया कि वर्तमान में सीतामणी क्षेत्र से उरगा की ओर भारतमाला सड़क तक सुगम एवं व्यवस्थित संपर्क मार्ग नहीं होने से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। शहर के प्रवेश मार्ग होने के कारण यहां प्रतिदिन वाहनों का दबाव रहता है और सरस्वती शिशु मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों व नागरिकों का आवागमन होता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्य मार्ग सिंगल लेन होने के कारण भारी वाहनों और छोटे वाहनों को एक ही मार्ग का उपयोग करना पड़ता है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। सीतामणी से उरगा तक फोरलेन सड़क बनने से भारतमाला परियोजना से सीधा संपर्क मजबूत होगा और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, सुगम एवं त्वरित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
मंत्री ने विश्वास जताया कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। जनहित एवं क्षेत्र के विकास को देखते हुए उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।







