किसानों की राह होगी आसान, छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 354 नए धान खरीदी केंद्र : मुख्यमंत्री साय
1 min read



किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में किसान हित, संगठन विस्तार और सरकार की योजनाओं पर हुआ व्यापक मंथन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों को धान बेचने के लिए अधिक सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की कि प्रदेश में 354 नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों, गरीबों, युवाओं और महिलाओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
दो वर्षों में करीब 11 हजार करोड़ की योजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 11 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं से जुड़े कार्यों को आगामी दो वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ सरकार का विशेष ध्यान संवेदनशील क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर है।
श्री साय ने प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ लगातार नक्सलमुक्ति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को आम जनता तथा किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की अपील की।
केंद्र की योजनाओं और उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं तक पहुंचाया
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता और शौचालय निर्माण को लेकर शुरू की गई पहल आज महिलाओं, माताओं और बेटियों के सम्मान से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि बन चुकी है।

श्री साहू ने वर्ष 2014 से 2026 तक देश में हुए विकास कार्यों को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि इस अवधि में भारत ने विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को हासिल किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे सार्वजनिक जीवन और उनकी बेदाग छवि को भी कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रमुखता से रखा।
कृषि मंत्री नेताम ने बताया किसान और कृषि का महत्व
प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कार्यकर्ताओं को किसान और कृषि के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार द्वारा किसानों के हित में लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं।
उन्होंने सरकार की किसान हितैषी योजनाओं, नीतियों और उनके प्रभावों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
किसान मोर्चा को बताया भाजपा संगठन का महत्वपूर्ण हिस्सा
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने उद्घाटन भाषण में कार्यकर्ताओं में उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण का भाव जगाया। उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा भाजपा की अलग-थलग संगठनात्मक इकाई नहीं, बल्कि पार्टी के मुख्य संगठन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा में सक्रियता से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं के लिए भविष्य में मुख्य संगठन में नेतृत्व की संभावनाओं के द्वार खुले हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।
आलोक ठाकुर ने रखा किसान मोर्चा के कार्यों का ब्यौरा
प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष आलोक ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दायित्व संभालने के बाद किसान मोर्चा द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा मुख्यमंत्री श्री साय के समक्ष रखा।

उन्होंने किसान मोर्चा को प्रदेशभर में और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी भी दी।
किसान हित और संगठन विस्तार पर बनी रणनीति
कार्यसमिति की बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठन को मजबूत करने, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में किसान हित से जुड़ा राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा गया, जिसमें प्रदेश के किसानों के लिए और बेहतर एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर मंथन किया गया। प्रस्ताव को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष सहित उपस्थित कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त हुआ।
कार्यसमिति में किसान मोर्चा के पदाधिकारी, प्रदेश एवं जिला स्तर के कार्यकर्ता तथा भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ और गांव स्तर तक मजबूत करने तथा किसानों को सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के दिशा-निर्देश दिए गए।







