कांग्रेस के डीएनए में ‘दिमागी नक्सली एसोसिएशन’! चिदंबरम-हरिप्रसाद के बयानों ने खोला कांग्रेस का असली चेहरा : संतोष पाण्डेय
1 min read



भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस पर बोला जोरदार हमला, कहा—नक्सली विचारधारा पर गर्व जताना देश की सुरक्षा और शहीदों के बलिदान का अपमान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस के डीएनए में ही ‘दिमागी नक्सली एसोसिएशन’ समाया हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों को ‘दिमागी नक्सलियों’ से सतर्क रहने की चेतावनी के बाद पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पूर्व प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद द्वारा स्वयं को ‘दिमागी नक्सली’ बताने और इस पर गर्व जताने से कांग्रेस की सोच और उसका असली चेहरा जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो गया है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि ‘डीएनए’ को कांग्रेस के संदर्भ में ‘दिमागी नक्सली एसोसिएशन’ बताने का कारण स्वयं कांग्रेस नेताओं के बयान बन गए हैं। जिस छत्तीसगढ़ ने दशकों तक नक्सली हिंसा का दंश झेला है, जहां हजारों निर्दोष ग्रामीणों, आदिवासियों और सुरक्षा बलों के जवानों ने अपनी जान गंवाई, उसी प्रदेश के पूर्व प्रभारी द्वारा ऐसी विचारधारा के प्रति सहानुभूति जताना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में देश की सुरक्षा के लिए जवानों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। नक्सली हिंसा में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी अपनी जान गंवाई है। ऐसे समय में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा ‘दिमागी नक्सली’ शब्द को गर्व से स्वीकार करना उन सभी पीड़ित परिवारों और शहीद जवानों के बलिदान का अपमान है, जिन्होंने लोकतंत्र और राष्ट्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और नक्सली विचारधारा के बीच वैचारिक निकटता समय-समय पर सामने आती रही है। उन्होंने कहा कि जब भी सुरक्षा बल नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हैं, कांग्रेस के कुछ नेता मानवाधिकार और अन्य मुद्दों की आड़ में सवाल खड़े करते दिखाई देते हैं। श्री पाण्डेय ने कहा कि देश की जनता अब ऐसे राजनीतिक पाखंड को समझ चुकी है और राष्ट्र की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की दोहरी राजनीति स्वीकार नहीं करेगी।
श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। छत्तीसगढ़ में भी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास, सुरक्षा और विश्वास की त्रिस्तरीय रणनीति के माध्यम से लाल आतंक को समाप्त करने की दिशा में लगातार काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे नक्सली विचारधारा के प्रति कितनी भी सहानुभूति दिखाए, लेकिन देश की जनता राष्ट्र की सुरक्षा, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या वह अपने वरिष्ठ नेताओं के ‘दिमागी नक्सली’ वाले बयानों से सहमत है और क्या वह नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों तथा निर्दोष नागरिकों के परिवारों से इस बयान के लिए माफी मांगेगी?
भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस को देश की सुरक्षा और शहीदों के बलिदान पर राजनीति करने के बजाय अपनी विचारधारा और अपने नेताओं के बयानों पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि जनता कांग्रेस की कथित वैचारिक राजनीति को नकार चुकी है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।







