August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

रैली में दिखी देशभक्ति की झलक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन; मेधावी विद्यार्थियों को 21 से 25 हजार रुपये तक पुरस्कार देने की घोषणा
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  करतला। पीएम श्री सेजेस करतला में देशभक्ति, उत्साह और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों के बीच 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय एवं हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में जहां तिरंगे के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया गया, वहीं विद्यालयीन विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगा दिए। खास बात यह रही कि कार्यक्रम के दौरान बारिश तो नहीं हुई, लेकिन विद्यार्थियों की प्रतिभा से प्रभावित होकर अतिथियों की ओर से पुरस्कारों की खूब बरसात हुई।

 

 

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत करतला की सरपंच श्रीमती फूलबाई राठिया रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएम श्री सेजेस करतला के एसएमडीसी अध्यक्ष श्री आकाश सक्सेना ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक-01 श्री दुलार सिंह राठिया, ग्राम पटेल श्री नत्थू सिंह राठिया, ग्राम प्रमुख श्री रामायण सिंह राठिया, श्री नटवर शर्मा, श्री प्रेमेंद्र सिंह राजपूत, ग्राम पंचायत करतला के समस्त पंच, एसएमडीसी सदस्य एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि, रैली में दिखी राष्ट्रभक्ति
समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करने के साथ हुई। इसके बाद कन्या आश्रम, पीएम श्री प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने भव्य देशभक्ति रैली निकाली।
रैली में बच्चे भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, रानी लक्ष्मीबाई और रानी दुर्गावती सहित विभिन्न देशभक्तिपूर्ण स्वरूपों में सजे नजर आए। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘तिरंगे झंडे की जय’ के जयघोष से करतला के वातावरण को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देते हुए लोगों में राष्ट्रीय चेतना और देशप्रेम की भावना जगाई।
रैली सुबह करीब 9.30 बजे पीएम श्री विद्यालय परिसर पहुंची, जहां यह रैली सभा में परिवर्तित हो गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सभा के दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्राथमिक अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के विद्यार्थियों ने ‘संदेशे आते हैं’ गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं कक्षा दसवीं अंग्रेजी माध्यम की छात्राओं ने रानी लक्ष्मीबाई और भगत सिंह के संघर्ष तथा अंग्रेजों के विरुद्ध उनके साहस को गीत एवं संवाद के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कन्या आश्रम एवं पीएम श्री विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बच्चों की शानदार तैयारी, अभिनय, संवाद और प्रस्तुति ने अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा से प्रभावित होकर सरपंच, जनपद सदस्य एवं एसएमडीसी अध्यक्ष ने उन्हें नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
बच्चों को लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने की प्रेरणा
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से अवगत कराया। श्री नटवर शर्मा ने विद्यालय में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं प्रबंधन के बीच बेहतर सामंजस्य की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वतंत्रता से पहले देशवासियों को राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने का अवसर मिला, जबकि आजादी के बाद हमारे सामने देश के लिए कुछ कर गुजरने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति अपने लक्ष्य को हासिल करेगी तो वनांचल करतला क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित होगा।
जनपद सदस्य श्री दुलार सिंह राठिया ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन करते हुए उनकी कुर्बानियों को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी हमें असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। उन्होंने विद्यार्थियों को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर 21 से 25 हजार तक पुरस्कार
कार्यक्रम में देवेंद्र सिंह राठिया, सरपंच प्रतिनिधि करतला ने विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत करतला विद्यालय के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं, शिक्षकों की कमी तथा विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने सहित हर आवश्यक विषय पर पंचायत स्तर से सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने घोषणा की कि करतला के ऐसे विद्यार्थी जो बोर्ड कक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण होंगे, उन्हें 21 हजार रुपये की नगद राशि से सम्मानित किया जाएगा। वहीं करतला से बाहर के विद्यार्थी यदि 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करते हैं तो उन्हें 25 हजार रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। इस घोषणा से विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल बन गया।
कार्यक्रम को श्री प्रेमेंद्र सिंह राजपूत ने भी संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और राष्ट्रप्रेम को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
‘मिले भारत को संवारने की जिम्मेदारी’
अध्यक्षीय उद्बोधन में एसएमडीसी अध्यक्ष श्री आकाश सक्सेना ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत के लिए अपना जीवन समर्पित किया, उस भारत को और बेहतर, सशक्त एवं विकसित बनाना वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य श्री दुबराज सिंह राठिया ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, एसएमडीसी सदस्यों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय की गतिविधियों में समय-समय पर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। इसके साथ ही कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।
समारोह के पश्चात उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अतिथियों को मिष्ठान वितरित कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन श्री मनोज तिग्गा एवं श्री ताराचंद सोनी ने किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत करतला के समस्त पंचगण, एसएमडीसी के सदस्य, गणमान्य नागरिक, छात्रावास अधीक्षक एवं अधीक्षिकाएं, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, कन्या आश्रम का स्टाफ एवं विद्यार्थी तथा पीएम श्री विद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में देशभक्ति, विद्यार्थियों की प्रतिभा और शिक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता की जीवंत तस्वीर देखने को मिली।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.