August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

ध्वजारोहण के बाद गूंजा राष्ट्रगान-राष्ट्रगीत, भारत माता की पूजा-अर्चना के साथ कर्मचारियों ने लिया ईमानदारी, अनुशासन और नशामुक्ति का संकल्प
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  कोरबा। राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सरोकार और भारतीय संस्कारों की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने वाले कृष्णा ग्रुप ने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया। तिरंगे की आन-बान-शान के बीच आयोजित समारोह में राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की गूंज ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रहित, समाजहित और अपने कार्यक्षेत्र में पूरी ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ योगदान देने का संकल्प लिया।
समारोह में कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन श्री अशोक मोदी, मैनेजिंग डायरेक्टर श्री संजय मोदी, डायरेक्टर श्री राजा मोदी, श्री चैतन्य मोदी एवं श्री वेदान्त मोदी सहित कृष्णा ग्रुप मैनेजमेंट तथा कोरबा में संचालित विभिन्न डीलरशिप के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ राष्ट्रभक्ति का उत्सव
समारोह का शुभारंभ प्रातः 11 बजे ध्वजारोहण के साथ हुआ। तिरंगा फहराते ही उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का गायन किया गया। भारत माता की पूजा-अर्चना के बाद संघ प्रार्थना की गई।
इस दौरान वक्ताओं ने स्वतंत्रता के महत्व, देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के योगदान तथा वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। समारोह में यह संदेश प्रमुखता से उभरा कि स्वतंत्रता केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने और उन्हें पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लेने का पर्व है।

 

 

‘छोटे-छोटे अनुशासन भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम’ : अशोक मोदी
कृष्णा ग्रुप के चेयरमैन श्री अशोक मोदी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत का इतिहास गौरव, संघर्ष, त्याग और बलिदान से भरा हुआ है। देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों की तपस्या और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। इसलिए स्वतंत्रता की रक्षा करना और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा केवल सीमा पर जाकर या कोई बड़ा कार्य करके ही नहीं की जाती। अपने दैनिक जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी का पालन करना भी राष्ट्रसेवा है। समय पर कार्यस्थल पहुंचना, अपने कार्य को पूरी निष्ठा से करना, काम के समय अनावश्यक रूप से मोबाइल में समय न गंवाना, स्वच्छता बनाए रखना, कचरा एवं प्लास्टिक इधर-उधर न फेंकना, यातायात एवं पार्किंग नियमों का पालन करना तथा सरकार द्वारा निर्धारित कर, जीएसटी, आरटीओ, इंश्योरेंस, बैंकिंग सहित सभी नियमों का ईमानदारी से पालन करना राष्ट्रनिर्माण में योगदान है।
श्री मोदी ने कहा कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक अपने व्यवहार में शालीनता, ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी को अपनाए तथा देश की उन्नति के बारे में चिंतन करे, तो भारत को अधिक शक्तिशाली, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय गति प्राप्त की है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना के साथ देश निरंतर आगे बढ़ रहा है। भारत आज विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि भारत को पुनः विश्व पटल पर समृद्धि और सामर्थ्य के प्रतीक के रूप में स्थापित करना हम सभी का संकल्प होना चाहिए।
उन्होंने भारतीय संस्कृति के “वसुधैव कुटुम्बकम” के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत सदैव विश्व शांति, सद्भाव और मानवता का पक्षधर रहा है। आने वाले समय में भारत अपनी संस्कृति, संस्कार और मानवीय मूल्यों के माध्यम से विश्व का मार्गदर्शन करे, यही हमारी सामूहिक कल्पना और संकल्प होना चाहिए।
विदेशों में प्रशिक्षण लेकर लौटते हैं, लेकिन भारत जैसा अपनापन कहीं नहीं : राजा मोदी
कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर श्री राजा मोदी ने कहा कि कंपनी के कार्यों के सिलसिले में उन्हें पिछले कई वर्षों से विदेश जाने और वहां प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला है। विदेशों में नई तकनीक और कार्यप्रणाली सीखने के बावजूद भारत जैसा अपनापन, प्रेम, सम्मान और आत्मीयता दुनिया में कहीं और महसूस नहीं होता।
उन्होंने कहा कि भारत अपनी संस्कृति, परंपराओं और विविधताओं के कारण दुनिया में विशिष्ट पहचान रखता है। हमें देश की इस विशेषता को समझते हुए अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए और भारत के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए।
एआई और नई तकनीक से जुड़कर विकास में दें योगदान : वेदान्त मोदी
कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर श्री वेदान्त मोदी ने कहा कि भारत में व्यवसाय, रोजगार और विकास की असीम संभावनाएं मौजूद हैं। दुनिया तेजी से तकनीकी परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक और आधुनिक कार्यप्रणालियों को अपनाकर व्यवसाय को नई दिशा देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नई तकनीक, नवाचार, मेहनत, अनुशासन और राष्ट्रहित की भावना को साथ लेकर आगे बढ़ें, तो भारत को विश्व की अग्रणी शक्ति बनने से कोई नहीं रोक सकता।
राष्ट्रगान और सेवा गतिविधियां बनीं कृष्णा ग्रुप की पहचान
समारोह में कृष्णा ग्रुप की विभिन्न डीलरशिप के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संस्था की राष्ट्रभक्ति, सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृष्णा ग्रुप के शोरूम एवं वर्कशॉप में प्रतिदिन राष्ट्रगान किया जाना संस्था की राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति सम्मान का प्रेरणादायी उदाहरण है।
व्यावसायिक गतिविधियों के साथ सामाजिक एवं धार्मिक दायित्वों को भी महत्व देने वाले कृष्णा ग्रुप द्वारा प्रत्येक सप्ताह सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया जाता है। वहीं श्री सप्तदेव मंदिर के माध्यम से नियमित धार्मिक एवं सेवा कार्य संचालित किए जाते हैं। जरूरतमंदों के लिए कंबल वितरण, छाता वितरण, शरबत वितरण, भोग-भंडारा और प्रसाद वितरण सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां भी समय-समय पर आयोजित की जाती हैं।
स्वस्थ समाज के लिए नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से उपस्थित श्री शेखर जी, ब्रह्माकुमारी बहन मधुबाला एवं सृष्टि बहन ने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। उन्होंने स्वस्थ, संस्कारवान और सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 कर्मचारियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कृष्णा ग्रुप की विभिन्न डीलरशिप में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 कर्मचारियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। उनके कार्य, अनुशासन, समर्पण और संस्था के प्रति निष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रेरित किया गया।
व्यवसाय के साथ राष्ट्रसेवा और समाजसेवा का संकल्प
कार्यक्रम के समापन पर कृष्णा ग्रुप की ओर से सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि किसी संस्था की पहचान केवल उसके व्यवसाय से नहीं, बल्कि उसके सामाजिक सरोकार, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी से भी बनती है।
कृष्णा ग्रुप ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि व्यवसाय के साथ राष्ट्रसेवा, समाजसेवा, धार्मिक परंपराओं, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, अनुशासन और मानव सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
तिरंगे की शान के साथ शुरू हुआ यह आयोजन राष्ट्रगान की गूंज, भारत माता के प्रति श्रद्धा, नशामुक्त समाज के संकल्प और राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने की प्रेरणा के साथ यादगार बन गया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.