August 13, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

गोपाल मोदी के नेतृत्व में सीतामढ़ी से घंटाघर तक भव्य तिरंगा यात्रा, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंजा शहर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**//  कोरबा। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत गुरुवार को कोरबा शहर ने राष्ट्रभक्ति की ऐसी तस्वीर प्रस्तुत की, जिसने बारिश के मौसम में भी देशप्रेम की गर्माहट का एहसास करा दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा में तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, युवा, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और राष्ट्रप्रेमी नागरिक शामिल हुए। हाथों में लहराता तिरंगा और जुबां पर भारत माता के जयकारों ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

 

 

यात्रा का शुभारंभ दोपहर 3 बजे सीतामढ़ी से हुआ। यहां से तिरंगे से सजी बाइक रैली के रूप में देशभक्ति का कारवां आगे बढ़ा। रैली में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला, महापौर संजू देवी राजपूत, विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, रेणुका राठिया, रुक्मणी नायर, वरिष्ठ भाजपा नेता विकास अग्रवाल, संभाग प्रभारी दुर्ग नरेंद्र देवांगन एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
हर मंडल की रही सक्रिय भागीदारी
तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में कोरबा जिले के सभी भाजपा मंडलों के अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अनुशासित ढंग से तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया। इसके साथ ही कोरबा के सभी पार्षदगण, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, बूथ स्तर के कार्यकर्ता और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी यात्रा का हिस्सा बने।
भारी बारिश के बीच भी कार्यकर्ताओं के कदम नहीं रुके। बाइक रैली सीएसईबी चौक पहुंची, जहां से तिरंगा हाथों में लेकर विशाल पदयात्रा शुरू हुई। हजारों की संख्या में लोग तिरंगा लहराते हुए घंटाघर की ओर आगे बढ़े। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।
बारिश बनी साक्षी, तिरंगा बना पहचान
यात्रा के दौरान कई बार तेज बारिश हुई, लेकिन राष्ट्रध्वज हाथों में थामे कार्यकर्ताओं और नागरिकों का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश की बूंदों के बीच आसमान में लहराते तिरंगे और सड़कों पर उमड़ा जनसमूह यात्रा का सबसे आकर्षक दृश्य रहा। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और देशभक्ति के नारों के साथ अपना समर्थन व्यक्त किया।

 

 

‘हर घर तिरंगा’ बना जनभागीदारी का संदेश
यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अभियान है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
सीतामढ़ी से शुरू हुआ देशभक्ति का यह कारवां सीएसईबी चौक होते हुए घंटाघर पहुंचा, जहां वंदे मातरम् के जयघोष के साथ तिरंगा यात्रा का भव्य समापन हुआ।
बारिश होती रही, कदम बढ़ते रहे, तिरंगा लहराता रहा और कोरबा की धरती पर देशभक्ति का संदेश गूंजता रहा। गुरुवार की यह तिरंगा यात्रा शहर के लिए केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, एकता और जनभागीदारी की यादगार तस्वीर बन गई।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.