रैकेट पर सजेगा तिरंगे का जज्बा, 14-15 अगस्त को एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना में होगा इंडिपेंडेंस कप-2026
1 min read



आजादी के उत्सव में बैडमिंटन का रोमांच—विभिन्न आयु वर्गों में होंगे मुकाबले, विजेता-उपविजेता को नकद पुरस्कार और ट्रॉफी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना, कोरबा में खेल और राष्ट्रभक्ति का शानदार संगम देखने को मिलेगा। आजादी के उत्सव को खेल भावना के साथ मनाने के उद्देश्य से 14 एवं 15 अगस्त 2026 को इंडिपेंडेंस कप-2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है।
एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता विभिन्न श्रेणियों में आयोजित होगी। प्रत्येक श्रेणी के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कार और ट्रॉफी रखी गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त निर्धारित की गई है।
14 अगस्त को अंडर-20 मुकाबलों से होगी शुरुआत
एरिना के सचिव मनीष गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन 14 अगस्त को दोपहर 3 बजे से पुरुष एकल अंडर-20 के मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मुकाबले योनेक्स मेविस 350 शटलकॉक से होंगे।
वहीं 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह 9 बजे से पुरुष एकल की 20-35, 35-50 एवं 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की स्पर्धाएं होंगी। इसके साथ ही महिला एकल ओपन वर्ग के मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे। इन वर्गों के सभी मैच योनेक्स फेदर शटलकॉक से खेले जाएंगे।
हर इवेंट में न्यूनतम 8 खिलाड़ी जरूरी
कोषाध्यक्ष सोनल फेलिक्स ने बताया कि प्रत्येक इवेंट के आयोजन के लिए कम से कम 8 खिलाड़ियों का होना अनिवार्य है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए केडीबीए आईडी अनिवार्य रखी गई है।
इंडिपेंडेंस कप-2026 के जरिए एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना में स्वतंत्रता दिवस पर खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का मंच मिलने के साथ युवाओं और खेलप्रेमियों में खेल भावना एवं राष्ट्रभक्ति का उत्साह भी देखने को मिलेगा।


