अटल परिसर विवाद ने पकड़ा तूल: ₹13.60 लाख की कथित गड़बड़ी पर भाजपा का बड़ा हमला, “बिना मिलीभगत इतना बड़ा खेल संभव नहीं”
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कटघोरा नगर पालिका में प्रतिमा निर्माण को लेकर उठे गंभीर सवाल, बिलासपुर से पहुंची जांच टीम ने लिए नमूने
कोरबा। कटघोरा नगर पालिका परिषद के अटल परिसर में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा एवं उससे जुड़े निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। कथित ₹13.60 लाख की वित्तीय अनियमितता के आरोपों ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने पूरे मामले को गंभीर भ्रष्टाचार से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को तत्काल पद से हटाने की मांग की है।
गोपाल मोदी ने कहा कि जिस प्रकार निर्माण कार्य और सामग्री की गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, उससे यह मामला केवल तकनीकी त्रुटि का नहीं बल्कि बड़े स्तर की अनियमितता का प्रतीत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि प्रतिमा और परिसर निर्माण में स्वीकृत सामग्री के स्थान पर अन्य सामग्री का उपयोग किया गया है, तो इतनी बड़ी गड़बड़ी बिना किसी स्तर की मिलीभगत के संभव नहीं लगती।
बारिश में खुलने लगी परतें, अब जांच पर टिकी निगाहें
स्थानीय स्तर पर उठे सवालों के बीच हालात तब और गंभीर हो गए जब बारिश के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लोगों ने आपत्तियां दर्ज करानी शुरू कर दीं। इसके बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया। अब लोगों की निगाहें उस जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसका इंतजार किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच के लिए बिलासपुर से विशेषज्ञ टीम कटघोरा पहुंची और निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न नमूनों को एकत्र कर परीक्षण के लिए अपने साथ ले गई है। तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि निर्माण में स्वीकृत मानकों का पालन हुआ या नहीं।
“जनता के पैसे का हिसाब जरूरी”
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता, उपयोग की गई सामग्री, निविदा प्रक्रिया, भुगतान संबंधी दस्तावेज, मापन पुस्तिका (एमबी), बिल-वाउचर सहित पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि या ठेकेदार की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
जांच रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजर
फिलहाल पूरे मामले में जांच प्रक्रिया जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएंगे। लेकिन जिस तरह से यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है, उससे साफ है कि अटल परिसर विवाद आने वाले दिनों में कटघोरा की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।


