July 27, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**रायपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एक व्यापक अभियान का शुभारंभ किया है। इसी क्रम में सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर से पार्टी का प्रतिनिधिमंडल संत गुरु रविदास जी की पावन जन्मस्थली वाराणसी के लिए श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। प्रतिनिधिमंडल वहां से पवित्र माटी एवं जल लेकर लौटेगा, जिसके माध्यम से प्रदेशभर में सामाजिक समरसता और संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने बताया कि यह अभियान केवल धार्मिक आस्था का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का जनआंदोलन है। संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी से समाज को समानता, मानवता, भाईचारे और भेदभाव रहित व्यवस्था का संदेश दिया। भारतीय जनता पार्टी उन्हीं आदर्शों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह देशव्यापी अभियान चला रही है।

 

उन्होंने बताया कि पवित्र माटी एवं जल संग्रह अभियान के प्रभारी डॉ. सनम जांगड़े के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल वाराणसी के लिए रवाना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. खिलावन साहू, ध्रुव प्रसाद मिर्धा, हरिनाथ खुंटे, चंद्र प्रकाश सूर्या, खेमराज बाकरे, मोनू वर्मा, महंत खेलूराम पैगवार, ओमेश्वर जीभेकार, मोरध्वज गिलहरे, गुलशन सुमन, राजकुमार जायसवाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता शामिल हैं। सभी कार्यकर्ताओं का प्रदेश कार्यालय में शुभकामनाओं के साथ अभिनंदन कर उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए रवाना किया गया।
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर देशभर में कलश यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। इन यात्राओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक संत रविदास जी के जीवन-दर्शन, उनके विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और बस्तियों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को संत रविदास जी के आदर्शों से जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्रहित और समाजहित के मूल्यों पर आधारित एक वैचारिक आंदोलन है। पार्टी की प्रतिबद्धता सामाजिक न्याय, सामाजिक समानता, समावेशी विकास और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान एवं अवसर पहुंचाने की है। संत गुरु रविदास जी के विचार आज भी सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने सदियों पहले थे।
उन्होंने बताया कि यह सामाजिक समरसता अभियान आगामी माघ पूर्णिमा, जो संत गुरु रविदास जयंती के रूप में मनाई जाएगी, तक निरंतर संचालित रहेगा। इस दौरान भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव, शहर-शहर और समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच पहुंचकर संत रविदास जी के विचारों का प्रचार-प्रसार करेगा तथा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।
प्रदेश भाजपा का मानना है कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के आदर्श आज भी एक समरस, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की प्रेरणा हैं। इसी भावना के साथ प्रारंभ हुआ यह अभियान सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.