“यादव महासम्मेलन में गूंजी शिक्षा, प्रतिनिधित्व और सामाजिक एकता की आवाज, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया सामाजिक भवन का लोकार्पण”
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर 21 जुलाई छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज द्वारा ग्राम बरौदा (रायपुर) में आयोजित प्रदेश स्तरीय यादव महासम्मेलन, आमसभा एवं नवनिर्मित सामाजिक भवन के लोकार्पण समारोह ने सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और युवा सशक्तिकरण का संदेश दिया। प्रदेशभर से हजारों समाजबंधुओं की उपस्थिति में आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक चेतना और संगठनात्मक मजबूती का ऐतिहासिक मंच बनकर उभरा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि यादव समाज ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, परंपराओं और राउत नाचा जैसी लोककलाओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों का उल्लेख करते हुए समाज की सेवा भावना और सामाजिक समरसता की सराहना की। मुख्यमंत्री ने युवाओं से शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा हथियार बनाकर समाज और प्रदेश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

समारोह में कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने सामाजिक आयोजनों को नशामुक्त बनाने की अपील करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति संस्कार और स्वस्थ सामाजिक वातावरण से ही संभव है। वहीं क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा ने युवाओं को शिक्षा, प्रशासन, राजनीति, खेल और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज का नेतृत्व करने का संदेश दिया।
चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने समाज को उसकी जनसंख्या के अनुरूप सम्मान और प्रतिनिधित्व दिए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में समान भागीदारी की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनिक यादव ने समाज की प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए रावत जाति को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल कराने तथा शासन-प्रशासन, निगम-मंडलों एवं आयोगों में समाज को जनसंख्या के अनुरूप प्रतिनिधित्व प्रदान करने की मांग की। इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा गया।
समारोह में समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। साथ ही संगठन के विस्तार के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों में नई नियुक्तियों की घोषणा भी की गई, जिसमें चन्दराम यादव को युवा प्रकोष्ठ, तीरथ यादव को राजनीति प्रकोष्ठ, राजू यादव को न्याय प्रकोष्ठ, सैलाना बी.एल. यादव को महिला प्रकोष्ठ तथा मानसाय यादव को कर्मचारी प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों, मातृशक्ति और युवाओं की सहभागिता से सम्पन्न यह महासम्मेलन सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण, शिक्षा के महत्व और समाज के राजनीतिक-सामाजिक अधिकारों की मजबूत पैरवी का सशक्त मंच बनकर सामने आया। आयोजन समिति की ओर से रायपुर जिला अध्यक्ष रामलाल यादव ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।


