“भक्ति के रंग में रंगा सीतामणी चौक : मंत्री लखन लाल देवांगन एवं महापौर संजू देवी राजपूत ने श्रीमद्भागवत कथा में लिया आध्यात्मिक अमृत का रसास्वादन”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। सीतामणी चौक में कर्ष परिवार के तत्वावधान में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा महापुराण के पांचवें दिन आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का श्रवण कर भक्तजन भावविभोर हो उठे। पूरा वातावरण हरिनाम संकीर्तन और जय श्रीकृष्ण के उद्घोष से भक्तिमय बना रहा।

कथा के पांचवें दिन छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन विशेष रूप से कथा स्थल पहुंचे। उनके साथ नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत भी उपस्थित रहीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने व्यासपीठ पर विराजमान परम पूज्य तारेंद्र कृष्ण महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर श्रद्धापूर्वक श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन केवल धर्म के प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये समाज को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को संस्कारवान बनाने के साथ-साथ समाज में सद्भाव, समरसता और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि सत्य, धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलकर ही मानव जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने अपनी मधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। उन्होंने “राधे-राधे चले आएंगे बिहारी” भजन प्रस्तुत किया, जिस पर उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे। उनके भजन की मधुर स्वर लहरियों से पूरा कथा पंडाल “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
श्रीमद्भागवत कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का श्रवण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की। कथा स्थल पर उपस्थित भक्तजन भक्ति रस में सराबोर होकर कथा का रसपान करते रहे। आयोजन की भव्यता और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे वातावरण को दिव्यता से ओतप्रोत कर दिया।
कार्यक्रम समिति एवं कर्ष परिवार के सदस्यों ने मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सहित सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने समाज में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के साथ धर्ममय वातावरण को जीवंत बनाए रखा।
इस अवसर पर मंत्री लखन लाल देवांगन, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, नरेंद्र देवांगन, प्रफुल तिवारी, नरेंद्र पाटनवार, आकाश श्रीवास्तव, पार्षद उर्वशी राठौर, परमिला सागर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, धर्मप्रेमी नागरिक एवं श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।


