“सर्वाइकल कैंसर से बचाव की सीख : सिमगा स्कूल की छात्राओं ने एचपीवी वैक्सीन लगवाने का लिया संकल्प”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमगा में सोमवार को छात्राओं के स्वास्थ्य एवं भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सर्वाइकल कैंसर से बचाव और एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन टीकाकरण विषय पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर के कारणों, उसके बचाव एवं समय पर टीकाकरण के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।
विद्यालय के प्राचार्य श्री सतीश प्रकाश सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और इससे बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं के लिए यह टीका अत्यंत लाभकारी है तथा समय पर टीकाकरण भविष्य में गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करता है।

उन्होंने छात्राओं को बताया कि भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य विभाग द्वारा किशोरियों के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किए जाते हैं। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इसके प्रति किसी प्रकार का भय या भ्रम नहीं रखना चाहिए। उन्होंने सभी पात्र बालिकाओं से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होकर टीकाकरण करवाने का आह्वान किया।
कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं ने एचपीवी वैक्सीन लगवाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्राचार्य श्री सतीश प्रकाश सिंह ने उपस्थित छात्राओं को स्वास्थ्य जागरूकता की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में संस्था की शिक्षिकाएं रुखमणि पूरैना, दिव्या कुजूर, मेलन कँवर, पुष्पा कुमारी, रमाकांत कुसरो सहित पालकगण एवं विद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य जागरूकता की यह पहल किशोरी बालिकाओं को गंभीर बीमारी से बचाने और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।


