July 20, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

पत्रकारिता जगत में बढ़ा बरपाली-करतला का मान, राजू खत्री को मिली जिला उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी

 

सक्रिय पत्रकारिता, संगठनात्मक नेतृत्व और जनहित के प्रति समर्पण का मिला सम्मान, क्षेत्रभर में खुशी की लहर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**कोरबा। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ की नई जिला कार्यकारिणी के गठन के साथ ही बरपाली-करतला क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण सामने आया है। संगठन ने वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी एवं पत्रकार हितों के प्रखर प्रहरी राजू खत्री को कोरबा जिला उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उनके लंबे अनुभव, सक्रिय भूमिका और संगठन के प्रति समर्पण पर विश्वास जताया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा होते ही पत्रकार जगत, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला।
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी की सहमति तथा जिला अध्यक्ष शशिकांत डिक्सेना के अनुमोदन से की गई इस नियुक्ति को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। संगठन ने स्पष्ट किया कि राजू खत्री ने वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निष्पक्ष, निर्भीक और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता करते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। यही कारण है कि उन्हें जिला स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
राजू खत्री ने करतला इकाई के संरक्षक एवं अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया। पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने, उनके अधिकारों की रक्षा करने तथा सामाजिक और जनहित के मुद्दों को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में उनकी भूमिका सदैव सराहनीय रही है। संगठन के विस्तार और पत्रकारों के बीच समन्वय स्थापित करने में उनके योगदान को देखते हुए यह नियुक्ति उनके कार्यों का सम्मान भी मानी जा रही है।
इस अवसर पर बरपाली-करतला इकाई के अध्यक्ष बलराम वैष्णव सहित संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राजू खत्री को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक कौशल से जिला इकाई को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजू खत्री के मार्गदर्शन में पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को और मजबूती के साथ उठाया जाएगा तथा संगठन जिले में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजू खत्री ने प्रदेश एवं जिला नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पत्रकार साथियों के हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार तथा पत्रकारिता की गरिमा को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेंगे। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों को साथ लेकर संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।
राजू खत्री की इस नियुक्ति को न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि बल्कि बरपाली-करतला क्षेत्र की पत्रकारिता के सम्मान और गौरव से भी जोड़कर देखा जा रहा है। क्षेत्र के पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने इसे पत्रकार हितों की आवाज को और अधिक मजबूत बनाने वाला निर्णय बताया है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.