“अविश्वास प्रस्ताव नहीं, कांग्रेस की राजनीतिक पराजय का प्रस्ताव था” : विधानसभा में बेनकाब हुई कांग्रेस – भाजपा



जनता और सदन दोनों का विश्वास खो चुकी कांग्रेस दिशाहीन और मुद्दाविहीन राजनीति का शिकार, भाजपा सरकार के सुशासन पर फिर लगी मुहर
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव औंधे मुंह गिरने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव भाजपा सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि कांग्रेस की राजनीतिक विफलता, दिशाहीनता और जनता से उसके टूट चुके विश्वास का सबसे बड़ा प्रमाण बनकर सामने आया है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव खारिज होना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि कांग्रेस अब न केवल सदन का विश्वास खो चुकी है, बल्कि छत्तीसगढ़ की देवतुल्य जनता का भरोसा भी उससे पूरी तरह उठ चुका है। जनता ने भारी बहुमत के साथ भाजपा को प्रदेश की सेवा का अवसर दिया है और भाजपा सरकार उस जनादेश का सम्मान करते हुए निरंतर विकास और जनकल्याण के कार्यों को गति दे रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के पास सरकार को घेरने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं था। बिना तथ्य, बिना तर्क और बिना जनहित के आधार पर लाया गया यह प्रस्ताव केवल राजनीतिक हताशा का परिणाम था। यह प्रस्ताव कांग्रेस के भीतर व्याप्त गुटबाजी, नेतृत्व संकट और उसकी बिखरी हुई राजनीतिक स्थिति को छिपाने का एक असफल प्रयास साबित हुआ।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने अल्प समय में ही जनता से किए गए वादों और मोदी की गारंटियों को धरातल पर उतारकर विकास की नई इबारत लिखी है। गरीब, किसान, महिला, युवा और प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के हित में लिए जा रहे निर्णयों से कांग्रेस पूरी तरह असहज है। यही कारण है कि कांग्रेस सकारात्मक राजनीति करने के बजाय केवल विरोध की राजनीति तक सीमित होकर रह गई है।
श्री देव ने कहा कि विधानसभा में कांग्रेस पूरी तरह मुद्दाविहीन दिखाई दी। सरकार के खिलाफ कोई ठोस आरोप या तथ्य प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अविश्वास प्रस्ताव केवल मीडिया की सुर्खियां बटोरने और अपनी आंतरिक कलह पर पर्दा डालने का राजनीतिक नाटक बनकर रह गया।
उन्होंने कहा कि सत्य, सुशासन और जनविश्वास के सामने नकारात्मक राजनीति कभी सफल नहीं हो सकती। छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस शासन के दौरान हुए भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और कुशासन को आज भी नहीं भूली है। यही कारण है कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया और आज कांग्रेस राजनीतिक हाशिए पर खड़ी नजर आ रही है।
जनादेश का सम्मान, विकास का संकल्प
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के अपने संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा करती रहेगी। जनता के विश्वास और आशीर्वाद के बल पर भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
“अविश्वास प्रस्ताव की असफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जनता का विश्वास भाजपा सरकार के साथ है, जबकि कांग्रेस आज स्वयं अपने राजनीतिक अस्तित्व के संकट से जूझ रही है।”


