“जनता के प्रचंड विश्वास के आगे विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव हुआ धराशायी” : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय



विपक्ष के आरोपों को मुख्यमंत्री ने बताया तथ्यहीन, कहा- ढाई वर्षों की उपलब्धियां ही हमारी सरकार का सबसे बड़ा जवाब
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर,18 जुलाई छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जोरदार जवाब देते हुए कहा कि यह प्रस्ताव भाजपा सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के जनादेश, किसानों के विश्वास और माताओं-बहनों के आशीर्वाद के विरुद्ध है। जनता के प्रचंड समर्थन के सामने विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव पूरी तरह निष्प्रभावी और तथ्यहीन साबित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ कोई ठोस तथ्य या मुद्दा नहीं है। विधानसभा में सत्ता पक्ष ने आंकड़ों और उपलब्धियों के आधार पर विपक्ष के हर आरोप का जवाब दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह अविश्वास प्रस्ताव केवल एक राजनीतिक औपचारिकता बनकर रह गया, जिसमें न तथ्य हैं और न ही कोई दम।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य दिया जा रहा है। सत्ता संभालने के मात्र 12 दिनों के भीतर 13 लाख किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस प्रदान किया गया। वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से लगभग 70 लाख महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता दी जा रही है, जो सरकार के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि “मोदी की गारंटी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि गारंटी पूरी होने की गारंटी है। भाजपा सरकार ने अपने अधिकांश चुनावी वादों को ढाई वर्षों के भीतर धरातल पर उतारने का काम किया है। 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति, लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान, किसानों को समय पर लाभ और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण जैसे निर्णय सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद की समाप्ति को सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि सुरक्षा और विकास की समन्वित रणनीति के कारण बस्तर में शांति और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। अब राज्य सरकार का लक्ष्य बस्तर को देश का सर्वश्रेष्ठ आदिवासी संभाग बनाना है।
विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में केवल वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार और राजनीतिक स्वार्थ की राजनीति की। जनता ने वर्ष 2023 में कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि छत्तीसगढ़ अब विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति के साथ खड़ा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सेवा, सुशासन, सुरक्षा और विकास के संकल्प के साथ भाजपा सरकार प्रदेश के हर वर्ग के हित में कार्य कर रही है। विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव जनता के विश्वास के सामने पूरी तरह पराजित हो चुका है और आने वाले समय में भी प्रदेश के विकास का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
“छत्तीसगढ़ की जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत है, विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव नहीं।”


