समाज सेवा और संगठन के सशक्त हस्ताक्षर चुलेश्वर राठौर का राष्ट्रीय सम्मान, सीहोर में होंगे गौरवान्वित



राठौर क्षत्रिय समाज ने समाजहित में उत्कृष्ट योगदान को किया नमन, 19 जुलाई को मध्यप्रदेश के सीहोर में होगा सम्मान समारोह
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा/हरदी बाजार छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ समाजसेवी एवं अखिल भारतीय राठौर क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री चुलेश्वर राठौर को समाज सेवा, संगठन निर्माण और राठौर समाज को राष्ट्रीय स्तर पर संगठित एवं सशक्त बनाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मध्यप्रदेश के सीहोर में सम्मानित किया जाएगा। उनके सम्मान की घोषणा से छत्तीसगढ़ सहित देशभर के राठौर समाज में हर्ष और गौरव का वातावरण है।
राठौर क्षत्रिय समाज, सीहोर (मध्यप्रदेश) द्वारा आयोजित सम्मान समारोह 19 जुलाई 2026 (रविवार) को प्रातः 11 बजे प्रेमी पैलेस, मंडी थाना के सामने, गल्ला मंडी, सीहोर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न राज्यों से आए समाजजन उपस्थित रहेंगे।
श्री चुलेश्वर राठौर लंबे समय से सामाजिक उत्थान, संगठन विस्तार और समाज के युवाओं एवं प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। अखिल भारतीय राठौर क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने समाज को एक सूत्र में पिरोने और राष्ट्रीय स्तर पर उसकी पहचान को सशक्त बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। छत्तीसगढ़ प्रांतीय राठौर क्षत्रिय सभा को मजबूत एवं सक्रिय बनाने में भी उनका योगदान सराहनीय माना जाता है।
राठौर क्षत्रिय समाज, सीहोर द्वारा जारी आमंत्रण पत्र में श्री राठौर के दूरदर्शी नेतृत्व, समाज के प्रति समर्पण और निरंतर किए जा रहे जनहितकारी कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की गई है। समाज के पदाधिकारियों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर समाजसेवा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए सम्मान समारोह में उनकी गरिमामयी उपस्थिति का आग्रह किया है।
श्री चुलेश्वर राठौर के सम्मानित होने की खबर से छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों में निवासरत राठौर समाज के लोगों, शुभचिंतकों एवं सहयोगियों में उत्साह का माहौल है। समाजजनों ने इसे न केवल श्री राठौर की व्यक्तिगत उपलब्धि, बल्कि पूरे राठौर समाज के सम्मान और गौरव का विषय बताया है।
समाज के विभिन्न संगठनों एवं पदाधिकारियों ने श्री चुलेश्वर राठौर को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि वे भविष्य में भी समाज को नई दिशा देने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।


