दादरखुर्द की दर्दनाक घटना से द्रवित हुई महापौर, पीड़ित परिवार को सौंपी एक लाख रुपये की सहायता राशि



कुत्तों के हमले में मासूम की मौत के बाद निगम प्रशासन सख्त, आवारा कुत्तों को पकड़ने चला महाअभियान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा,18 जुलाई दादरखुर्द बस्ती में आवारा कुत्तों के झुंड के हमले में एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत के बाद नगर पालिक निगम कोरबा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया है। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने दादरखुर्द पहुंचे और गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
महापौर ने मृतक बच्चे के माता-पिता को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा नगर निगम परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार को भविष्य में किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर निगम प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
रथयात्रा में जाने की तैयारी कर रहा था मासूम, रास्ते में बन गया कुत्तों के झुंड का शिकार
जानकारी के अनुसार, दादरखुर्द में रहने वाले किशोर पटेल और उनका परिवार मूलतः जांजगीर-चांपा जिले के मोहतरा गांव के निवासी हैं और यहां मजदूरी कर अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। घटना वाले दिन उनका पुत्र प्रकाश पटेल अपने माता-पिता के साथ काम पर गया था। उसने दादरखुर्द में आयोजित रथयात्रा में शामिल होने की इच्छा जताई, जिस पर माता-पिता ने उसे घर जाकर तैयार होकर आने को कहा।
मासूम जैसे ही घर के समीप पहुंचा, आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

महापौर और आयुक्त पहुंचे पीड़ित परिवार के घर
घटना की जानकारी मिलते ही महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय दादरखुर्द पहुंचे। उन्होंने मृतक के माता-पिता एवं परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा कहा कि नगर निगम इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रहा है। इस अवसर पर वार्ड पार्षद श्रीमती सुनीता चौहान एवं मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर भी उपस्थित रहे।
निगम प्रशासन का एक्शन मोड, आवारा कुत्तों के खिलाफ महाअभियान शुरू
मासूम की मौत के बाद निगम प्रशासन ने आवारा कुत्तों के खिलाफ विशेष महाअभियान प्रारंभ कर दिया है। महापौर एवं आयुक्त के निर्देश पर निगम की टीम ने पहले ही दिन लगभग 22 आवारा कुत्तों को पकड़कर श्वान वाहन के माध्यम से डॉग हाउस पहुंचाया है।
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए पड़ोसी जिला सक्ती से विशेष डॉग स्क्वाड टीम भी बुलाई गई है, जो नगर निगम की टीम के साथ मिलकर आवारा कुत्तों को पकड़ने का कार्य कर रही है।
1040 कुत्तों का टीकाकरण, 425 का हो चुका बंध्याकरण
निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि नगर निगम लंबे समय से आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए अभियान चला रहा है। अब तक 1040 से अधिक कुत्तों का टीकाकरण एवं 425 कुत्तों का बंध्याकरण किया जा चुका है। इसके अलावा प्रगति नगर, दर्री में पशु जन्म नियंत्रण एवं बंध्याकरण केंद्र की स्थापना का कार्य भी पूर्ण हो चुका है, जहां आवारा कुत्तों के संरक्षण एवं देखभाल की व्यवस्था की गई है।
नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने नागरिकों से अपील की है कि छोटे बच्चों को अकेले बाहर न छोड़ें। विशेषकर बरसात के मौसम में आवारा कुत्ते अधिक आक्रामक हो सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि कुत्तों को निर्धारित स्थानों पर ही भोजन दें तथा आवारा कुत्तों की सूचना नगर निगम को देकर उनके बंध्याकरण और नियंत्रण अभियान में सहयोग करें।
दादरखुर्द की यह दर्दनाक घटना न केवल एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि समाज और प्रशासन के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए व्यापक स्तर पर अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।


