July 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

‘रन फॉर ग्रीन मैराथन’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में 200 से अधिक युवाओं ने दिखाई जोशीली भागीदारी, हरित कोरबा के संकल्प को किया मजबूत
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और युवाओं को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में कोरबा जिले के युवाओं ने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। “माय भारत यूथ वालेंटियर्स” ने ‘रन फॉर ग्रीन मैराथन’ एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरित एवं स्वच्छ कोरबा के निर्माण का प्रभावी संदेश दिया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में संचालित “माय भारत युवा कार्यक्रम” के तहत आयोजित इस अभियान में 200 से अधिक युवा स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया। कार्यक्रम का आयोजन 18 जुलाई 2026 को जिला प्रशासन कोरबा एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा घंटाघर मैदान एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम में किया गया।
“माय भारत युवा कार्यक्रम” के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह के नेतृत्व में युवाओं ने न केवल मैराथन में सहभागिता की, बल्कि पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं का उत्साह और सहभागिता इस बात का प्रमाण रहा कि आने वाला भारत पर्यावरण के प्रति अधिक जागरूक और संवेदनशील है।

 

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में कोरबा के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज, शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कमला नेहरू महाविद्यालय, अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, डाइट कोरबा, एम.एल.सी. कम्प्यूटर कॉलेज एवं के.सी.सी. कम्प्यूटर कॉलेज सहित अन्य संस्थानों के 200 से अधिक “माय भारत यूथ वालेंटियर्स” ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए हर व्यक्ति से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से युवाओं ने मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का भावनात्मक संदेश भी समाज तक पहुंचाया।
जिला प्रशासन एवं “माय भारत युवा कार्यक्रम” से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि युवाओं की यह सहभागिता आने वाले समय में हरित कोरबा और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं की ऐसी सकारात्मक पहल समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
हरियाली का संकल्प, युवाओं का उत्साह और पर्यावरण संरक्षण का संदेश—’माय भारत यूथ वालेंटियर्स’ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जागरूक युवा ही विकसित और हरित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.