‘चलो आयुर्वेद की ओर’ मिशन को मिला जनसमर्थन, कोरबा में बच्चों के लिए आयोजित हुआ स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा,16 जुलाई बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन और आयुर्वेद के प्रति जनजागरूकता के उद्देश्य से “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय के संयुक्त तत्वावधान में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के लिए स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार, निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण तथा अभिभावकों के लिए स्वास्थ्य परामर्श सत्र आयोजित किया गया।
बुध पुष्य नक्षत्र के शुभ अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों और उनके अभिभावकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को आयुर्वेदिक परंपरा के अनुरूप स्वर्ण बिन्दु प्राशन कराया गया तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित चिकित्सकीय परीक्षण भी किए गए।


कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आयुर्वेद में इसे बच्चों के स्वास्थ्य संवर्धन और रोग प्रतिरोधक क्षमता के समर्थन से जोड़कर देखा जाता है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण बिन्दु प्राशन में स्वर्ण भस्म सहित विभिन्न आयुर्वेदिक द्रव्यों, शहद और घी का उपयोग किया जाता है। उनके अनुसार, यह आयुर्वेदिक पद्धति बच्चों के समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से दी जाती है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि संस्थान द्वारा अभिभावकों को बच्चों की आयु के अनुसार संतुलित आहार-विहार, दैनिक दिनचर्या तथा योग एवं प्राणायाम के महत्व के बारे में भी विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम और जीवनशैली के बीच बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है, जिसके लिए संतुलित भोजन, नियमित दिनचर्या और स्वास्थ्य संबंधी उचित परामर्श महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य का निःशुल्क चिकित्सकीय परीक्षण किया गया तथा अभिभावकों को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उपयोगी स्वास्थ्य संबंधी सुझाव भी दिए गए। आयोजन का उद्देश्य आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति समाज को संवेदनशील बनाना रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा, नेत्रनन्दन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम शाहनी, देवबलि कुंभकार, शैल कुमारी निषाद, अमर बघेल, गुनगुन, लक्ष्मी तथा पंचकर्म टेक्नीशियन पिंकी बरेठ ने विशेष योगदान दिया।
आयोजकों ने बताया कि “चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के माध्यम से भविष्य में भी बच्चों एवं आमजन के लिए स्वास्थ्य जागरूकता और आयुर्वेद आधारित जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।


