महाप्रभु श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, रायपुर में एक साथ जुटा प्रदेश का शीर्ष नेतृत्व
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर,16 जुलाई राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ जी की दिव्य एवं भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। महाप्रभु के दर्शन एवं रथयात्रा में शामिल होने के लिए हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब मंदिर परिसर में उमड़ पड़ा। “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी उद्घोष, शंखनाद और भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस पावन अवसर पर महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर विधायक एवं श्री जगन्नाथ मंदिर के संयोजक श्री पुरंदर मिश्रा तथा भाजपा के संगठन सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह सहित प्रदेश के अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने भगवान श्री जगन्नाथ जी, माता सुभद्रा जी एवं भगवान बलराम जी के श्रीचरणों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजा-अर्चना के उपरांत उपस्थित अतिथियों ने महाप्रभु से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान श्री जगन्नाथ की असीम कृपा से छत्तीसगढ़ निरंतर विकास, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव के पथ पर अग्रसर रहे तथा प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख और मंगल का वास हो।
रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भगवान श्री जगन्नाथ के सुसज्जित रथ के दर्शन के लिए श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर परिसर में पहुंचने लगे थे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में महाप्रभु की भक्ति में लीन दिखाई दिए। पूरे परिसर में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।

भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का एक ऐसा महापर्व है, जो सामाजिक समरसता, समानता और लोककल्याण का संदेश देता है। महाप्रभु को जन-जन का भगवान माना जाता है, जिनकी रथयात्रा में बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लोग शामिल होकर उनकी कृपा प्राप्त करते हैं। यही कारण है कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लोक आस्था का सबसे बड़ा उत्सव माना जाता है।
रायपुर में आयोजित इस भव्य रथयात्रा ने न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त किया, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान की। प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति ने इस आयोजन को और अधिक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ जी से प्रार्थना की कि वे समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति और खुशहाली का संचार करें तथा हम सभी को धर्म, सेवा, राष्ट्र निर्माण और लोककल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करें।
जय जगन्नाथ!







