“महादेव ऐप मामले पर भाजपा का कांग्रेस पर पलटवार, कहा– अपराधियों को संरक्षण देने वालों की अब हो रही जांच”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर,15 जुलाई महादेव बेटिंग ऐप और स्काई एक्सचेंज मामले में ईडी की कार्रवाई के बीच भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने स्पष्ट किया कि मामले में जांच के दायरे में आए कारोबारी विकास गर्ग का भाजपा से कोई संबंध नहीं है और कानून अपना काम कर रहा है।
डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के कार्यकाल में आपराधिक तत्वों को संरक्षण मिला, जिसके कारण ऐसे नेटवर्क मजबूत हुए। उन्होंने कहा कि महादेव ऐप से जुड़ा धन हवाला के माध्यम से विकास गर्ग तक पहुंचने की जांच ईडी द्वारा की जा रही है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
डॉ. मिश्रा ने दावा किया कि भाजपा कानून के राज में विश्वास रखती है और अपराध तथा भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से अपना कार्य कर रही हैं और दोषियों को न्यायालय के समक्ष जवाब देना होगा।


