July 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

आयुक्त के निर्देश पर महानदी कॉम्प्लेक्स के सामने पौधरोपण की तैयारी का व्यापारियों ने किया विरोध, बोले– बिना सूचना खुदाई से बढ़ीं परेशानियां

 

व्यापारियों का आरोप—पहले से मौजूद बड़े पेड़ों के कारण होती है शॉर्ट सर्किट की समस्या, अब हर दुकान के सामने गड्ढे खोदने से पार्किंग और आवागमन होगा प्रभावित
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* कोरबा। नगर निगम द्वारा महानदी कॉम्प्लेक्स के सामने पौधरोपण के लिए कराई जा रही खुदाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है। व्यापारियों का कहना है कि निगम प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना और बिना उनकी राय लिए जेसीबी से दुकानों के सामने गड्ढे खोदना शुरू कर दिया, जिससे व्यवसाय प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
व्यापारियों के अनुसार निगम आयुक्त के निर्देश पर लगभग हर 10 फीट की दूरी पर पौधे लगाने के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं। उनका कहना है कि कॉम्प्लेक्स की अधिकांश दुकानों का आकार लगभग 12×16 फीट है, ऐसे में लगभग हर दुकान के सामने एक पौधा लगाया जाएगा। इससे ग्राहकों के वाहन खड़े करने में कठिनाई होगी और दुकानों तक पहुंच भी प्रभावित हो सकती है।
व्यवसायियों का कहना है कि महानदी कॉम्प्लेक्स परिसर में पहले से ही कई बड़े पेड़ मौजूद हैं। उनका दावा है कि बरसात और तेज हवा के दौरान पेड़ों की शाखाएं बिजली लाइनों से टकराने के कारण कई बार शॉर्ट सर्किट की स्थिति बनती है। इसके अलावा बड़े पेड़ों के कारण पार्किंग व्यवस्था और आवागमन में भी दिक्कतें आती हैं। ऐसे में बिना समुचित योजना के और अधिक पौधे लगाए जाने से भविष्य में समस्याएं और बढ़ सकती हैं।

 

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन ने न तो पहले कोई बैठक की और न ही दुकानदारों से इस संबंध में सुझाव लिए। उनका कहना है कि यदि पौधरोपण करना ही था तो पहले व्यापारियों से चर्चा कर ऐसी जगह का चयन किया जाना चाहिए था, जहां पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य भी पूरा हो और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित न हों।
व्यापारियों की प्रतिक्रिया
एक व्यापारी ने कहा, “हम पौधरोपण के विरोधी नहीं हैं, लेकिन दुकानों के ठीक सामने गड्ढे खोद देना उचित नहीं है। पहले से बड़े पेड़ हैं, जिनसे कई तरह की दिक्कतें होती हैं। बिना चर्चा किए इस तरह का निर्णय लेना उचित नहीं है।”
दूसरे व्यवसायी ने कहा, “ग्राहक वाहन कहां खड़े करेंगे, इस बारे में किसी ने नहीं सोचा। पार्किंग की जगह कम होगी तो इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ेगा।”

 

तीसरे व्यापारी ने कहा, “नगर निगम को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ व्यापारियों की व्यावहारिक समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए। हम चाहते हैं कि इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए और सभी पक्षों से चर्चा के बाद ही आगे की कार्रवाई हो।”
व्यापारियों ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि महानदी कॉम्प्लेक्स के सामने चल रही खुदाई और पौधरोपण की योजना की समीक्षा की जाए तथा व्यापारियों से संवाद स्थापित कर ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे पर्यावरण संरक्षण और व्यापारिक सुविधाओं के बीच संतुलन बना रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.