सेवा ही संगठन का संकल्प: विहिप-बजरंग दल के स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों बच्चों की जांच, गंभीर रूप से बीमार बच्चों के निःशुल्क उपचार का लिया जिम्मा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा,14 जुलाई विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा आयोजित ‘सेवा सप्ताह’ के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोरबा में कक्षा छठवीं, सातवीं एवं आठवीं के छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य, वजन एवं ऊंचाई परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों के स्वास्थ्य की विस्तृत जांच की गई, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को दवाइयों का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं भगवान श्रीराम के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण एवं मंत्रोच्चार के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। इस अवसर पर प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ एवं निहारिका स्थित नायक चिल्ड्रन हॉस्पिटल के संचालक डॉ. मानस नायक, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती देवकुमारी शर्मा, विहिप जिला मंत्री चेतन कुमार राठौर तथा जिला सह मंत्री राज नारायण गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
शिविर में डॉ. मानस नायक अपनी मेडिकल टीम के साथ करीब पांच घंटे तक लगातार बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण में जुटे रहे। इस दौरान विद्यार्थियों की ऊंचाई, वजन और सामान्य स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी गई। जांच के दौरान कुछ बच्चों में गंभीर स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आईं। विशेष रूप से एक बच्चे के कान में लंबे समय से संक्रमण और मवाद बहने की शिकायत मिलने पर डॉ. मानस नायक ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसके संपूर्ण उपचार का खर्च स्वयं वहन करने तथा नायक चिल्ड्रन हॉस्पिटल में निःशुल्क इलाज कराने की घोषणा की। इस पहल की उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की।

स्वास्थ्य शिविर के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण किया। साथ ही शिविर में शामिल सभी छात्र-छात्राओं को पेन, कॉपियां, बिस्किट एवं समोसे वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के जिला मंत्री चेतन कुमार राठौर, जिला सह मंत्री राज नारायण गुप्ता, जिला संयोजक राणा मुखर्जी, गौ सेवक राज ठाकुर, बजरंग दल के रामकुमार पटेल, गगन मानिकपुरी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यालय की प्रधानाचार्या देवकुमारी शर्मा, शिक्षक मुकेश कुमार भारद्वाज, शिक्षिकाएं देविका राय, कंचन दास एवं हुलेश्वरी कर्ष सहित समस्त विद्यालय परिवार ने भी शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
विहिप एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘सेवा सप्ताह’ का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग तक स्वास्थ्य, शिक्षा और सेवा की गतिविधियों को पहुंचाना है। भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।


